इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 का क्वालिफायर वन 10 अक्टूबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाना है। इस मैच में जहां चेन्नई सुपरकिंग्स एक अनचाहा रिकॉर्ड बनाने से बचना चाहेगी। वहीं दोनों टीमों के कप्तान यानी ऋषभ पंत और महेंद्र सिंह धोनी के लिए भी यह मैच मुकाबला काफी अहम है। दोनों ही इस मैच में उतरते ही इतिहास रचेंगे।
ऋषभ पंत जैसे ही टॉस के लिए जाएंगे, वह बतौर कप्तान आईपीएल का प्लेऑफ मुकाबला खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन जाएंगे। ऋषभ पंत 24 साल 6 दिन के हैं। अब तक यह रिकॉर्ड उनके ही टीम के साथ श्रेयस अय्यर के नाम है। अय्यर 25 साल 10 महीने 29 दिन में आईपीएल प्लेऑफ खेलने वाले कप्तान बने थे।
वहीं एमएस धोनी टॉस का सिक्का उछालने के साथ ही प्लेऑफ मुकाबले में एक टीम की अगुआई करने वाले 40 वर्ष से ज्यादा दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले राहुल द्रविड़ ने 2013 में यह उपलब्धि अपने नाम की थी।
हालांकि, दिल्ली के खिलाफ मैच खेलने के दौरान धोनी की टीम हर हाल में मैच जीतने की कोशिश में होगी। चेन्नई सुपरकिंग्स 2010, 2011 और 2018 में चैंपियन रह चुकी है। उसने आईपीएल में 11वीं बारअंतिम-4 में जगह बनाई है। साल 2011 के बाद से वह अब तक आठवीं बार प्लेऑफ में पहुंची है। उसने 2011 के बाद से अब तक 5 बार क्वालिफायर वन खेला है। इनमें से वह दो बार ही चैंपियन बन पाई है। हालांकि, वह 8 बार आईपीएल का फाइनल खेल चुकी है।
चेन्नई सुपरकिंग्स पहली बार 2010 में आईपीएल चैंपियन बनी थी। तब वह लीग चरण में तीसरे नंबर पर रही थी। सीएसके 2008 में फाइनल और आईपीएल 2009 में सेमीफाइनल हार गई थी। वह 2012 में लीग चरण में चौथे और 2014 में तीसरे नंबर पर रही थी। वह 2012 में भी फाइनल हारी थी। आईपीएल 2014 में वह प्लेऑफ से आगे नहीं बढ़ पाई थी।
बता दें कि आईपीएल 2011 में आरसीबी और सीएसके, 2012 में केकेआर और दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), 2013 में सीएसके और मुंबई इंडियंस, 2014 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और केकेआर, 2015 में सीएसके और मुंबई इंडियंस, 2016 में गुजरात लॉयंस और आरसीबी, 2017 में मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजॉइंट्स, 2018 में सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपरकिंग्स, 2019 में मुंबई इंडियंस और सीएसके, 2020 में मुंबई और दिल्ली कैपिटल्स के बीच क्वालिफायर वन खेला गया था।