इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के नौवें मुकाबले में रनों की बौछार हुई। दोनों टीमों (राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब) ने 200 से ज्यादा रन बनाए। मैच के दौरान कुल 29 छक्के लगे। इस मैच में कई रिकॉर्ड बने और कई टूटे। किंग्स इलेवन पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 223 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान ने 19.3 ओवर में 6 विकेट पर 226 रन बनाकर मैच जीत लिया।

इस मैच में पंजाब की ओर से मयंक अग्रवाल ने शतक लगाया। वहीं, राजस्थान के संजू सैमसन ने 42 गेंद में 85 रन की धुआंधार पारी खेली। राजस्थान को जीत दिलाने में बाएं हाथ के राहुल तेवतिया का अहम रोल रहा। उन्होंने 7 छक्के की मदद से 31 गेंद में 53 रन बनाए। खास यह रहा है कि तेवतिया ने शुरुआती 19 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाए। इसमें वह एक बार भी गेंद को सीमा रेखा के पार नहीं पहुंचा पाए थे, लेकिन आखिरी 12 गेंदों में उन्होंने इतिहास रच डाला। तेवतिया ने आखिरी 12 गेंदों में 7 छक्के की मदद से 45 रन बनाए। इसमें से एक गेंद उन्होंने डॉट खेली और एक गेंद पर आउट हुए।

तेवतिया की इस पारी का ही कमाल रहा है कि राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के इतिहास का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी 5 ओवरों में 86 रन बनाए, जो एक नया रिकॉर्ड है। इससे पहले यह उपलब्धि महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स के नाम दर्ज थी। चेन्नई ने 2012 में घरेलू मैदान पर रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ मैच में आखिरी पांच ओवरों में 77 रन बनाए थे।

इससे पहले भी हाइएस्ट सक्सेसफुल चेज का रिकॉर्ड राजस्थान रॉयल्स के नाम ही दर्ज था। उसने 2008 में डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ हैदराबाद के मैदान में 215 रन का लक्ष्य हासिल किया था। सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल करने के मामले में अब दिल्ली कैपिटल्स तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। उसने 2017 में गुजरात लॉयंस के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम (तत्कालीन फिरोजशाह कोटला स्टेडियम) में 209 रन का लक्ष्य हासिल किया था।

आईपीएल में सफल रन चेज के आखिरी पांच ओवरों में सर्वाधिक रन

रनटीमकिसके खिलाफमैदानसाल
86राजस्थान रॉयल्सकिंग्स इलेवन पंजाबशारजाह2020
77चेन्नई सुपरकिंग्सरॉयल चैलेंजर्स बंगलौरचेन्नई2012
72रॉयल चैलेंजर्स बंगलौरडेक्कन चार्जर्सबेंगलुरु2012
72चेन्नई सुपरकिंग्सरॉयल चैलेंजर्स बंगलौरबेंगलुरु2018
72कोलकाता नाइटराइडर्सरॉयल चैलेंजर्स बंगलौरबेंगलुरु2019