इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) की शुरुआत में तकरीबन एक महीने का समय बाकी है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के फैंस को उम्मीद है कि वे वर्ल्ड कप के बाद पहली बार उन्हें मैदान पर खेलते देखेंगे। धोनी वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार के बाद से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। वे 1 मार्च को चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) से जुड़ जाएंगे। फैंस को उनके चौके-छक्के से पहले धोनी के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। माही कभी तरबूज और पपीता उगाते नजर आते हैं, तो कभी ग्राउंड पर रोलर चलाते हुए।

धोनी को रांची के मैदान में पिच रोलर चलाते हुए देखा गया। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ। वीडियो में 38 साल के धोनी प्रैक्टिस पिच को ठीक करने के लिए रोलर चला रहे हैं। इससे पहले वे इसी मैदान पर जनवरी में अभ्यास करते नजर आए थे। इससे पहले फेसबुक पर एक वीडियो में धोनी किसानी के गुर सिख रहे हैं। उन्होंने जैविक (organic) खेती शुरू कर दी है। इस दौरान वे तरबूज और पपीता उगाने का गुर सीख रहे थे।

धोनी ने अपने अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, ‘रांची में 20 दिनों में तरबूत और पपीता की जैविक खेती की शुरुआत की है। पहली बार बहुत उत्सुक हूं। वे दो मिनट के इस वीडियो में खेती शुरू करने से पहले पूजा-पाठ करते नजर आए। इस दौरान वे धूप जलाते और नारियल फोड़ते हुए दिखे। क्रिकेट से दूर होने के बाद धोनी ने जम्मू-कश्मीर में सेना में अपनी ड्यूटी निभाई थी। उन्हें सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद उपाधि मिली है। ड्यूटी निभाने के बाद वे मुंबई में एक चैरिटी फुटबॉल मैच खेले थे।

IPL 2020 की शुरुआत 29 मार्च से होगी। टूर्नामेंट का पहला मैच ही धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपरकिंग्स और रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस के बीच होगा। धोनी के नेतृत्व में चेन्नई की टीम तीन बार चैंपियन बनी है। उनकी नजर इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन कर भारतीय टीम में वापसी पर होगी। कप्तान विराट कोहली और कोच रवि शास्त्री ने कई बार कहा है कि धोनी अगर आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में चुना जा सकता है।