इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) का 13वां सीजन 29 मार्च से शुरू होगा। पहले मुकाबले में चार बार की चैंपियन टीम मुंबई इंडियंस का सामना तीन बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स से होगा। दोनों टीमें पिछले साल फाइनल में भी आमने-सामने हुई थीं। तब मुंबई ने जीत दर्ज की थी। इस IPL में सबसे ज्यादा चर्चा में चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं। धोनी न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में हारने के बाद से पेशेवर क्रिकेट से दूर हैं। फैंस उन्हें फिर से मैदान पर देखना चाहते हैं। कैप्टन कूल के नाम से मशहूर धोनी टूर्नामेंट की तैयारियों के लिए चेन्नई पहुंच गए हैं।

धोनी 3 मार्च से चेन्नई सुपरकिंग्स के होमग्राउंड चेपक स्टेडियम में अभ्यास शुरू करेंगे। वे रविवार रात को जैसे ही चेन्नई पहुंचे, दर्शकों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। वे एयरपोर्ट से सीधा होटल पहुंचे। उन्होंने गेट पर खड़े गार्ड से हाथ भी मिलाया। धोनी होटल में घूमते हुए नजर आए, जिसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। धोनी से पहले उनके साथ सुरेश रैना, पीयूष चावला, अंबाती रायुडू और कर्ण शर्मा चेन्नई पहुंचे थे। चेन्नई सुपरकिंग्स ने एक वीडियो शेयर किया। उसने लिखा- सभी के रोएं पहले दिन के पहले शो को सोच कर खड़े हो जाएंगे। धोनी को चेन्नई में थाला यानी कि बड़ा भाई कहा जाता है।

इसी बीच उनका नया लुक भी सामने आया है। जैसा कि आप पहले भी नोटिस करते रहे हैं कि धोनी हमेशा ही आईपीएल शुरू होने से पहले अपने लुक में बदलाव करते हैं। अपने इस अंदाज के जरिए भी वे लोगों का ध्यान खूब खीचते हैं। इस बार भी क्रिकेट फैंस धोनी को बिल्कुल अलग अंदाज में देखेंगे। इस बात की जानकारी धोनी की हेयरस्टाइलिस्ट सपना मोती भवनानी ने दी है। सपना ने अपने सोशल अकाउंट पर धोनी संग एक तस्वीर शेयर की है। उस तस्वीर में माही मोटी मूछों में नजर आ रहे हैं। कैप्शन में सपना ने लिखा, ”मेरे दोस्त बहुत खुशी होगी तुम्हे आईपीएल में खेलते देखते हुए। जल्द ही हम चेन्नई को देखेंगे।”

इसी के साथ सपना ने हैशटैग में न्यू हेयर, हैशटैग माही आ रहा है, #CSK #captainsaab #fungirl #yellowlove लिखा है। माही को इस अंदाज में देख फैंस उनके बदले रूप की खूब तारीफ कर रहे हैं। तमाम यूजर ने लिखा है, अब इंतजार नहीं होता, जल्द आओ माही और धमाल मचाओ। इस साल धोनी को BCCI केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों की सूची से भी बाहर कर दिया था। हालांकि अब फैंस धोनी को आईपीएल में देखने के लिए क्रेजी दिख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों धोनी इज बैक काफी छाया हुआ है।