इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 26वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 5 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही राजस्थान का लगातार 4 हार का क्रम भी टूट गया। राजस्थान की इस जीत में राहुल तेवतिया और रियान पराग ने अहम भूमिका निभाई। रॉयल्स के अब 7 मैच 6 अंक हैं। सनराइजर्स के भी 7 मैच में 6 अंक हैं।
तेवतिया और पराग ने छठे विकेट के लिए 47 गेंद में नाबाद 85 रन की साझेदारी की। दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हैदराबाद ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। हैदराबाद ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 158 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान ने 19.5 ओवर में 5 विकेट पर 163 रन बनाकर मैच जीत लिया।
आखिरी के 6 ओवर में पलटी बाजी, राजस्थान को ऐसे मिली जीत
14 ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर 5 विकेट पर 88 रन था। उसे 6 ओवरों में 71 रन बनाने थे और पांच विकेट गिरना शेष थे। राहुल तेवतिया ने 8 गेंद में 4 और रियान पराग ने 11 गेंद में 9 रन बनाए थे। इसके बाद तेवतिया और पराग ने हाथ दिखाने शुरू किए और राजस्थान की झोली में जीत डाल दी। खास यह रहा कि आखिरी 6 ओवर में तेवतिया और पराग का स्ट्राइक रेट 161 और 160 का रहा। दोनों ने 2-2 छक्के लगाए।
15वां ओवर: 11 रन
16वां ओवर: 18 रन
17वां ओवर: 14 रन
18वां ओवर: 14 रन
19वां ओवर: 12 रन
आखिरी 5 गेंद: 12 रन
इससे पहले जोफ्रा आर्चर की अगुआई में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से मनीष पांडे के अर्धशतक के बावजूद राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 158 रन के स्कोर पर रोक दिया। आर्चर (25 रन पर एक विकेट), कार्तिक त्यागी (29 रन पर एक विकेट) और उनादकट (31 रन पर एक विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सनराइजर्स के बल्लेबाजों अधिकांश समय बड़े शॉट खेलने के लिए जूझना पड़ा।
मनीष पांडे (54) और केन विलियमसन (नाबाद 22 रन, 12 गेंद) ने हालांकि अंतिम ओवरों में कुछ अच्छे शॉट खेलकर टीम का स्कोर 160 रन के करीब पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। सनराइजर्स की टीम अंतिम पांच ओवर में 62 रन जोड़ने में सफल रही। कप्तान डेविड वार्नर ने भी 48 रन की उम्दा पारी खेली।
SRH vs RR: अपने 100वें मैच में संजू सैमसन ने किया कमाल, सुपरमैन की तरह लिया कैच, देखें VIDEO
15 ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान के 5 विकेट गिर चुके हैं और स्कोर बोर्ड पर 94 रन टंगे हैं। राहुल तेवतिया और रियान पराग क्रीज पर हैं। राहुल 8 और रियान 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। राहुल के ऊपर एक बार फिर बड़ी पारी खेलने की जिम्मेदारी है। राजस्थान को 30 गेंद में 65 रन बनाने हैं।
राजस्थाान की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। राशिद खान के आगे राजस्थान के बल्लेबाज बेबस दिखाई दे रहे हैं। पांचवें विकेट के रूप में राशिद खान ने संजू सैमसन को जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच कराया। संजू 25 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। 12 ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर 5 विकेट 78 रन है।
9 ओवरों का खेल हो चुका है। राजस्थान का स्कोर 3 विकेट पर 63 रन है। उसे जीत के लिए 66 गेंद में 96 रन बनाने हैं। संजू सैमसन और रॉबिन उथप्पा क्रीज पर हैं। संजू 15 गेंद में 19 और उथप्पा ने 14 गेंद में 18 रन बनाए हैं। खलील अहमद ने 2 विकेट लिए हैं। स्टीव स्मिथ रन आउट हुए हैं।
राजस्थान ने 4 गेंद के अंदर 2 विकेट गंवाए। चौथा ओवर टी नटराजन ने फेंका। जोस बटलर ने दूसरी गेंद पर चौका और तीसरी गेंद पर छक्का लगाया। अगली गेंद पर 2 रन के लिए भागे, लेकिन स्टीव स्मिथ दुर्भाग्यशाली रहे और विजय शंकर के थ्रो पर नटराजन ने उन्हें रन आउट कर दिया। उनकी जगह संजू सैमसन क्रीज पर आए। पांचवां ओवर खलील अहमद लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर जोस बटलर को विकेट के पीछे जॉनी बेयरस्टो के हाथों कैच करा दिया। बटलर 13 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए।
राजस्थान रॉयल्स की ओर से जोस बटलर और बेन स्टोक्स ने पारी की शुरुआत की। बेन स्टोक्स ने तीसरी गेंद पर चौका जड़ अपना और टीम का खाता खोला। पहले ओवर में राजस्थान ने 6 रन बनाए। खलील अहमद दूसरा ओवर लेकर आए। स्टोक्स दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर ही बोल्ड हो गए। वह 6 गेंद में 5 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह स्टीव स्मिथ क्रीज पर आए। दो ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर एक विकेट पर 10 रन है।
हैदराबाद को तीसरा झटका 18वें ओवर में लगा। मनीष पांडे ने 40 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन वह इसे लंबी पारी में नहीं तब्दील कर पाए। मनीष पांडे को जयदेव उनादकट ने राहुल तेवतिया के हाथों कैच कराया। मनीष पांडे 44 गेंद में 54 रन बनाकर आउट हुए। मनीष की जगह प्रियम गर्ग क्रीज पर आए।
जोफ्रा आर्चर ने ही राजस्थान को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने 15वें ओवर की चौथी गेंद पर डेविड वार्नर को बोल्ड कर दिया। वार्नर अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। वह 38 गेंद में 48 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 छक्के और 3 चौके लगाए। उनकी जगह केन विलियमसन क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर मनीष पांडे हैं।
14 ओवरों का खेल हो चुका है। हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 93 रन है। डेविड वार्नर ने 35 गेंद में 46 और मनीष पांडे 30 गेंद में 30 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों दूसरे विकेट के लिए 57 गेंद में 71 रन की साझेदारी कर चुके हैं।
पांचवें ओवर की चौथी गेंद पर हैदराबाद को पहला झटका लगा। कार्तिक त्यागी ने जॉनी बेयरस्टो को संजू सैमसन के हाथों डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर कैच कराया। बेयरस्टो ने उनकी तीसरी गेंद पर छक्का मारा था। बेयरस्टो 19 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हुए। 5 ओवरों के बाद हैदराबाद का स्कोर एक विकेट पर 23 रन है।
राजस्थान रॉयल्स के लिए पहला ओवर जोफ्रा आर्चर लेकर आए। उन्होंने काफी किफायदी गेंदबाजी की। इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 2 रन दिए। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए डेविड वार्नर और जॉनी बेयरस्टो ने पारी की शुरुआत की। पहले ओवर में वार्नर और बेयरस्टो के बल्ले से एक-एक रन निकले।
राजस्थान रॉयल्स: स्टीव स्मिथ (कप्ताान), जोस बटलर (विकेटकीपर), संजू सैमसन, बेन स्टोक्स, रॉबिन उथप्पा, रियान पराग, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट, कार्तिक त्यागी।
सनराइजर्स हैदराबाद: डेविड वार्नर (कप्तान), जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), मनीष पांडे, केन विलियमसन, प्रियम गर्ग, विजय शंकर, अभिषेक शर्मा, राशिद खान, संदीप शर्मा, खलील अहमद, टी नटराजन।