महेंद्र सिंह धोनी भले ही लंबे समय से टीम इंडिया के साथ नहीं हो, लेकिन उनके साथी खिलाड़ी उन्हें हमेशा याद करते रहते हैं। धोनी पिछले साल जुलाई में वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में खेले थे। तब टीम इंडिया हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई थी। धोनी ने उस मैच के बाद क्रिकेट से ब्रेक ले लिया। फैंस को उम्मीद थी कि वे घरेलू सीजन में वापसी करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। धोनी अब IPL 2020 से वापसी करेंगे। स्पिनर कुलदीप यादव ने IPL शुरू होने से पहले कहा है कि टीम को धोनी की कमी खलती है।

कुलदीप ने कहा है कि टीम के खिलाड़ी धोनी की सेवाओं को मिस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत और केएल राहुल उनकी अनुपस्थिति में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बावजूद धोनी का नहीं होना खलता है। पूर्व कप्तान की टीम इंडिया में वापसी के अभी कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। पूर्व मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने कहा था कि भारत धोनी के आगे देखना शुरू कर चुका है। इसके बाद माही को BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट से भी बाहर कर दिया गया था।

भारतीय स्पिनर ने कहा, ‘‘माही भाई अपने साथ बहुत सारा अनुभव लेकर आते हैं। उन्होंने भारतीय टीम को बहुत कुछ दिया। इसलिए जब उनके जैसा खिलाड़ी नहीं खेलता है तो आप जरूर उन्हें मिस करते हैं। वे (राहुल और पंत) युवा हैं और बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। दोनों विकेटकीपिंग भी अच्छी कर रहे हैं। इससे ज्यादा अंतर पैदा नहीं होता, लेकिन उनकी उपस्थिति को सभी मिस करते हैं।’ कुलदीप IPL में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलते हैं।

कुलदीप ने कहा, ‘वे कैच अच्छी तरह से ले रहे हैं। बल्लेबाजी भी बेहतर कर रहे हैं। मुझे ज्यादा अंतर अभी तक पता नहीं चला। सभी खिलाड़ियों के अच्छे और बुरे दिन आते हैं। जब खराब प्रदर्शन हो रहा हो तो उनका सपोर्ट करना चाहिए। हमारी टीम काफी मजबूत है और हम बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।’’ धोनी वर्ल्ड कप के बाद पहली बार पेशेवर क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे। चेन्नई सुपरकिंग्स का पहला मैच मुंबई इंडियंस से 29 मार्च को होगा।