सलामी बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी के शानदार अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की मदद से कोलकाता नाइटराइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में 7 अक्टूबर की रात चेन्नई सुपरकिंग्स को 10 रन से हरा दिया। अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेले गए इस मैच में कोलकाता ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी।
कोलकाता ने 20 ओवर में 10 विकेट पर 167 रन बनाए। उसने आखिरी 5 ओवरों में 6 विकेट गंवाए और सिर्फ 39 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपरकिंग्स 20 ओवर में 5 विकेट पर 157 रन ही बना पाई। इस जीत के बाद वह अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गई।
राहुल त्रिपाठी ने 51 गेंद की पारी में आठ चौके और तीन छक्के जड़े। हालांकि, उनके अलावा कोलकाता का कोई भी बल्लेबाज 20 रन के आंकड़े को भी नहीं छू पाया। सुपरकिंग्स की ओर से ड्वेन ब्रावो ने 37 रन देकर तीन जबकि कर्ण शर्मा ने 25, सैम करन ने 26 और शार्दुल ठाकुर ने 28 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए। नाइटराइडर्स की टीम अंतिम 10 ओवर में 74 रन ही बना पाई थी।
IPL 2020 Live Score, KKR vs CSK Live Cricket Score In Hindi Online:
लक्ष्य का पीछा करने उतरे सुपरकिंग्स की शुरुआत खराब रही। फाफ डुप्लेसी 17 रन बनाने के बाद शिवम मावी की गेंद पर विकेटकीपर दिनेश कार्तिक को कैच दे बैठे। वाटसन ने क्रीज पर जमने के बाद मावी की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का जड़ा। सुपरकिंग्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 54 रन बनाए। रायुडू ने पैट कमिंस पर चौका जड़ने के बाद लेग स्पिनर चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी का स्वागत चौकों के साथ किया। वाटसन ने भी चक्रवर्ती और नागरकोटी पर चौके जड़े। कार्तिक ने नागरकोटी को नए स्पैल के लिए वापसी कराई और इस तेज गेंदबाज ने पहली ही गेंद पर रायुडू को बाउंड्री पर शुभमन गिल के हाथों कैच करा दिया।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने नागरकोटी की गेंद पर एक रन के साथ 13वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचाया। वाटसन ने इसी ओवर में एक रन के साथ 39 गेंद में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। सुनील नरेन ने वाटसन को बोल्ड करके नाइटराइडर्स को बड़ी सफलता दिलाई। वाटसन ने 40 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और एक छक्का मारा। सुपरकिंग्स की टीम इस बीच 11 से 15वें ओवर तक पांच ओवर में 20 रन ही बना पाई। इस दौरान कोई बाउंड्री नहीं लगी जिससे टीम पर दबाव बना।
सुपरकिंग्स को आखिरी पांच ओवर में जीत के लिए 58 रन की दरकार थी। सैम करन ने नरेन की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ बाउंड्री के सूखे को खत्म किया। धोनी ने चक्रवर्ती पर चौका जड़ा, लेकिन अगली गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए। उन्होंने 11 रन बनाए। इस ओवर में सिर्फ पांच रन बने। आंद्रे रसेल ने अपनी पहली ही गेंद पर करन (17) को पवेलियन भेजा और सिर्फ तीन रन दिए। अंतिम दो ओवर में सुपरकिंग्स को 36 रन की दरकार थी। नरेन के पारी के 19वें ओवर में भी सुपरकिंग्स की टीम 10 रन ही बना पाई। रसेल को अंतिम ओवर में 26 रन का बचाव करना था और उनके ओवर में सिर्फ 15 रन बने।
Highlights
17 ओवरों का खेल हो चुका है। मैच रोमांचक मोड़ पर है। चेन्नई और कोलकाता किसी के भी पक्ष में मैच जा सकता है। चेन्नई का स्कोर 4 विकेट पर 129 रन है। 3 ओवरों में उसे 29 रन बनाने हैं। क्रीज पर केदार जाधव और सैम करन हैं। वरुण चक्रवर्ती ने 17वें ओवर की तीसरी गेंद पर महेंद्र सिंह धोनी को बोल्ड किया। धोनी 12 गेंद 11 रन बनाकर आउट हुए। 18वां ओवर आंद्रे रसेल लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर सैम करन को इयोन मॉर्गन के हाथों कैच करा दिया। करन 11 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हुए।
13वें ओवर की पहली गेंद पर कमलेश नागरकोटी ने कोलकाता को दूसरी सफलता दिलाई। अंबाती रायुडू शुभमन गिल के हाथों कैच आउट हुए। रायुडू ने 3 चौके की मदद से 27 गेंद में 30 रन बनाए। उनकी जगह महेंद्र सिंह धोनी आए। 14वें ओवर की पहली गेंद पर शेन वाटसन को सुनील नरेन ने एलबीडब्ल्यू किया। वाटसन 40 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए। वाटसन की जगह सैम करन क्रीज पर आए।
चेन्नई के लिए शेन वाटसन और फाफ डुप्लेसी ने पारी की शुरुआत की। दोनों ने शुरुआती दो ओवर में 18 रन बनाए। दो ओवरों के बाद डुप्लेसी ने 6 गेंद में 11 और शेन वाटसन ने 6 गेंद में 7 रन बनाए। कोलकाता की ओर से पैट कमिंस ने पहला ओवर फेंका। इस ओवर में 6 रन बने। शिवम मावी दूसरा ओवर लेकर आए। उनके ओवर में 12 रन बने।
कोलकाता को 17वें ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा झटका लगा। राहुल त्रिपाठी 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 51 गेंद में 81 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह पैट कमिंस क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर दिनेश कार्तिक हैं। 17 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर 6 विकेट पर 140 रन है।
कोलकाता की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर आंद्रे रसेल विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी के हाथों कैच आउट हो गए। रसेल शार्दुल ठाकुर की गेंद को कट करने के चक्कर में आउट हुए। वह 4 गेंद में 2 रन ही बना पाए। 16 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर 5 विकेट पर 133 रन है।
14 ओवरों का खेल हो चुका है। कोलकाता का स्कोर 4 विकेट पर 114 रन है। सैम करन के ओवर की आखिरी गेंद पर इयोन मॉर्गन विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी के हाथों लपके गए। मॉर्गन 10 गेंद में 7 रन ही बना पाए। मॉर्गन की जगह आंद्रे रसेल क्रीज पर आए।
राहुल त्रिपाठी ने 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका जड़ा अपना अर्धशतक पूरा किया। ड्वेन ब्रावो के इस ओवर में सुनील नरेन ने भी एक चौका और एक छक्का जड़ा। इस ओवर से कोलकाता ने 19 रन अपने खाते में जोड़े। 10 ओवरों के बाद कोलकाता का स्कोर 2 विकेट पर 93 रन है।
कोलकाता को दूसरा झटका 9वें ओवर में लगा। करन शर्मा ने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर नितीश राणा को पवेलियन की राह दिखाई। राणा को बाउंड्री के पास रविंद्र जडेजा ने लपका। नितीश राणा 10 गेंद में 9 रन ही बना पाए। उनकी जगह सुनील नरेन क्रीज पर आए। 9 ओवरों के बाद कोलकाता का स्कोर 2 विकेट पर 74 रन है।
पावरप्ले यानी 6 ओवरों का खेल हो चुका है। कोलकाता नाइटराइडर्स ने इस दौरान एक विकेट गंवाया और 52 रन बनाए। आउट होने वाले बल्लेबाज शुभमन गिल हैं। वह 12 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। राहुल त्रिपाठी ने अब तक 18 गेंद में 31 रन बनाए हैं। नितीश राणा 6 गेंद में 6 रन बनाकर खेल रहे हैं।
कोलकाता को पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर पहला झटका लगा। शुभमन गिल 12 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हो गए। शुभमन को शार्दुल ठाकुर की गेंद पर विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धोनी ने लपका। शुभमन की जगह नितीश राणा मैदान पर आए। उन्होंने अपनी दूसरी गेंद पर चौका लगा अपना खाता खोला। पांच ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर एक विकेट पर 41 रन है।
सैम करन ने दूसरा ओवर फेंका। उन्होंने इस ओवर में महज 3 रन दिए। तीसरा ओवर राहुल चाहर लेकर आए। कोलकाता ने इस ओवर में 15 रन बनाए। राहुल चाहर की तीसरी गेंद पर शुभमन गिल ने चौका लगाया। राहुल त्रिपाठी ने पांचवीं और छठी गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाया। इस ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर बिना विकेट खोए 25 रन है।
चेन्नई के लिए दीपक चाहर पहला ओवर लेकर आए। इस मैच में कोलकाता की ओर से सुनील नरेन की जगह राहुल त्रिपाठी ने शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत की। पहली गेंद वाइड रही। दूसरी गेंद पर राहुल ने चार रन से खाता खोला। इस ओवर में कोलकाता ने 7 रन बनाए। हालांकि, पांचवीं गेंद पर शुभमन गिल रन आउट होते-होते बचे।
चेन्नई सुपरकिंग्स: महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), फाफ डु्प्लेसी, शेन वॉटसन, अंबाती रायुडू, केदार जाधव, रविंद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो, सैम करन, शार्दुल ठाकुर, करन शर्मा, दीपक चाहर।
कोलकाता नाइटराइडर्स: दिनेश कार्तिक (कप्तान/विकेटकीपर), शुभमन गिल, सुनील नरेन, नितीश राणा, आंद्रे रसेल, इयोन मॉर्गन, पैट कमिंस, राहुल त्रिपाठी, शिवम मावी, कमलेश नागरकोटी, वरुण चक्रवर्ती।
कोलकाता नाइटराइडर्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ आईपीएल में पहले बल्लेबाजी करते हुए अधिकतम 202 रन का स्कोर खड़ा किया है। इस मामले में चेन्नई 200 रन का स्कोर ही बना पाई है। हालांकि, जब भी कोलकाता ने पहले बल्लेबाजी की है, उसे चेन्नई से मात ही मिली है। बाद में बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 17 में से 8 मैच अपने नाम किए हैं।
संयुक्त अरब अमीरात में दोनों टीमें पहली बार आमने-सामने हैं। हालांकि, विदेश में दोनों एक दूसरे के खिलाफ भिड़ चुकी हैं। आम लोकसभा चुनाव के कारण आईपीएल 2009 दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था। तब दोनों के बीच दो मैच खेले गए थे। एक मैच रद्द करना पड़ा था, जबकि एक मैच में कोलकाता ने चेन्नई को 7 विकेट से हराया था।