India vs England (IND vs ENG) 4th T20: टीम इंडिया ने 18 मार्च 2021 की रात इंग्लैंड को 8 रन से हराकर 5 टी20 मैच की सीरीज में 2-2 से बराबरी हासिल की। टीम इंडिया की जीत में सूर्यकुमार यादव के अलावा श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, हार्दिक पंड्या, राहुल चाहर, शार्दुल ठाकुर और रोहित शर्मा ने अहम भूमिका निभाई।

खास यह है कि इनमें 3-3 खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। शार्दुल ठाकुर महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स से 2018 से जुड़े हुए हैं। हालांकि, वह भी मुंबई से जुड़े हुए हैं। शार्दुल 2012 से नियमित तौर पर मुंबई रणजी टीम का हिस्सा हैं। ऐसी परफॉर्मेंस देखकर उनकी आईपीएल फ्रैंचाइजीस का खुश होना लाजिमी है। आइए जानते हैं कि इन सभी ने टीम इंडिया को जिताने में किसी तरह से अपना फर्ज निभाया।

सूर्यकुमार यादव: मुंबई इंडियंस के इस टॉप ऑर्डर बल्लेबाज ने विवादास्पद तरीके से आउट दिए जाने से पहले 31 गेंदों पर 57 रन बनाए। इसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल हैं। सूर्यकुमार चौथे ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए थे। उस समय टीम के खाते में सिर्फ 21 रन ही जुड़े थे। उसके बाद उन्होंने 13.2 ओवर में टीम के स्कोर को 110 तक पहुंचा दिया। सूर्यकुमार ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहली गेंद ही छक्के के लिए भेजी। उन्होंने बेपरवाह बल्लेबाजी की और लेग स्पिनर राशिद पर भी छक्का जड़ा। वह मैन ऑफ द मैच भी चुने गए।

श्रेयस अय्यर: छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंद में 37 रन की धुआंधार पारी खेली। इसमें पांच चौके, एक छक्का शामिल था। अय्यर शुरू से आक्रामक मूड में दिखे। उन्होंने और हार्दिक पंड्या (11) ने क्रिस जोर्डन के 18वें ओवर में छक्के जड़कर 18 रन बटोरे।

ऋषभ पंत: दिल्ली कैपिटल्स के इस धाकड़ बल्लेबाज ने 4 चौके की मदद से 23 गेंद में 30 रन बनाए। एक समय टीम इंडिया ने 9 ओवर के भीतर 70 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद पंत ने सूर्यकुमार के साथ मिलकर स्कोर 100 के पार पहुंचाया। पंत ने बेन स्टोक्स की 2 गेंद पर लगातार दो चौके जड़े।

हार्दिक पंड्या: मुंबई इंडियंस के इस ऑलराउंडर ने साबित किया कि आखिर कप्तान उन पर इतना भरोसा क्यों करते हैं। हार्दिक चौथे टी20 में बल्लेबाजी में ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाए। वह 8 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, उन्होंने अपनी गेंदबाजी से अंग्रेज बल्लेबाजों के पसीने छुड़ा दिए। हार्दिक ने 4 ओवर में महज 16 रन दिए और जेसन रॉय और सैम करन जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों के विकेट भी झटके।

राहुल चाहर: मुंबई इंडियंस के इस स्टार स्पिनर का यह दूसरा टी20 था। उन्हें अगस्त 2019 के बाद प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था। हालांकि, उन्होंने साबित किया ऐसा कर कप्तान विराट कोहली ने कोई गलती नहीं की है। राहुल ने थोड़े रन ज्यादा लुटाए, लेकिन आईसीसी टी20 रैंकिंग के नंबर वन बल्लेबाज डेविड मलान और अपने दम पर मैच का रुख पलटने का माद्दा रखने वाले जॉनी बेयरस्टो को पवेलियन की राह दिखाई। राहुल ने 4 ओवर में 35 रन दिए। पावरप्ले के बाद गेंद संभालने वाले चाहर ने अपने पहले ओवर में ही गुगली पर डेविड मलान (17 गेंदों पर 14) को बोल्ड किया।

शार्दुल ठाकुर: चेन्नई सुपरकिंग्स के इस तेज गेंदबाज ने ऐसे समय बेन स्टोक्स और इयोन मॉर्गन को पवेलियन भेजा, जब मैच में इंग्लैंड का पलड़ा भारी होता दिख रहा था। हालांकि, शार्दुल ने 2 गेंद में दोनों के विकेट झटक भारत का पलड़ा भारी कर दिया। इन दोनों ने शार्दुल की ऑफ कटर पर आसान कैच दिए।

रोहित शर्मा: इस मैच में टॉस के लिए भले ही विराट कोहली मैदान में आए थे, लेकिन जीत का सेहरा बांध रोहित शर्मा मैदान से बाहर निकले। कोहली इंग्लैंड की पारी के डेथ ओवर्स (आखिरी 4 ओवर) में रोहित को टीम की कमान सौंप मैदान से बाहर चले गए थे। तब इंग्लैंड को 24 गेंद में 46 रन बनाने थे। उसके 4 विकेट ही गिरे थे। बेन स्टोक्स और कप्तान इयोन मॉर्गन क्रीज पर थे। मॉर्गन और स्टोक्स के रहते इंग्लैंड के लिए यह लक्ष्य मुश्किल नहीं था, लेकिन रोहित ने ऐसा नहीं होने दिया।

उन्होंने 17वां ओवर फेंकने के लिए शार्दुल ठाकुर को गेंद सौंपी। शार्दुल ने 2 गेंद में 2 विकेट ले लिए। उन्होंने हार्दिक पंड्या से 18वां ओवर कराया। हार्दिक ने सैम करन का विकेट झटक लिया। आखिरी ओवर में जब मैच में अचानक इंग्लैंड का पलड़ा भारी होता दिखा तब रोहित ने शार्दुल को समझाया। उसके बाद उनकी गेंद पर जोफ्रा आर्चर के बल्ले का निचला हिस्सा टूट गया। अगली गेंद पर शार्दुल ने क्रिस जॉर्डन का विकेट झटक लिया।