भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला चेन्नई के एमए चिंदबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। टीम इंडिया के लिए पहली पारी में हिटमैन रोहित शर्मा ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने करियर की 7वीं सेंचुरी लगाए हुए 161 रन की पारी खेली। खास बात है कि रोहित ने अपने सातों शतक भारतीय जमीन पर लगाए हैं। वे विदेश में शतक लगाने बिना भारत में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
रोहित शर्मा ने इस मामले में पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। अजहरुद्दीन ने टेस्ट करियर के पहले 6 शतक भारत में बनाए थे। इसके अलावा रोहित ने एक खास उपलब्धि भी हासिल कर ली। वे श्रीलंका, वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ तीनों फॉर्मेट में शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित का पिछले 9 मैच में यह चौथा शतक है। उन्होंने पिछली सेंचुरी अक्टूबर, 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में लगाई थी। चेन्नई में उनका यह पहला शतक है।
रोहित ने चौथी बार टेस्ट में 150+ रन बनाए हैं। इससे पहले उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची में 2019/20 में 212 रन बनाए थे। 2013/14 में वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में 177 रनों की पारी खेली थी। 2019/20 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में 176 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने चौथे विकेट के लिए अजिंक्य रहाणे के साथ 162 रनों की साझेदारी की। रोहित ने 231 गेंद की पारी में 18 चौके और दो छक्के लगाए। जैक लीच की गेंद पर मोइन अली ने उनका कैच लिया।
रहाणे ने 149 गेंद पर 67 रन बनाए। उन्होंने 9 चौके लगाए। मोइन अली ने उन्हें बोल्ड कर दिया। इन दोनों के अलावा ऋषभ पंत 33 रन बनाकर नाबाद हैं। रविचंद्रन अश्विन 13 रन बनाकर जो रूट की गेंद पर ओली पोप को कैच थमा बैठे। शुभमन गिल और विराट कोहली बिना खाता खोले पवेलियन लौटे। शुभमन गिल को ओली स्टोन ने एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। चेतेश्वर पुजारा 21 रन बनाकर जैक लीच की गेंद पर बेन स्टोक्स को कैच थमा बैठे। कोहली को शून्य के निजी स्कोर मोइन अली ने बोल्ड कर दिया।