ICC Women’s T20 World Cup 2023: इंग्लैंड ने आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2023 में 21 फरवरी को केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेले गए मैच में पाकिस्तान को 114 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। महिला T20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले यह रिकॉर्ड साउथ अफ्रीका की महिलाओं के नाम था।
साउथ अफ्रीका (South Africa) ने महिला टी20 विश्व कप 2020 (ICC Women’s T20 World Cup 2020) में 28 फरवरी को कैनबरा में खेले गए मैच में थाइलैंड (Thailand) की टीम को 113 रन के अंतर से हराया था। इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत के बाद शीर्ष पर रहते हुए ग्रुप स्टेज का अपना अभियान पूरा किया।
अब 23 फरवरी 2023 को टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में भारत का सामना ऑस्ट्रेलिया से होगा। भारतीय टीम ग्रुप बी में चार में से तीन मैच जीतकर दूसरे स्थान पर रही। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ग्रुप स्टेज के अपने आखिरी मुकाबले में डकवर्थ-लुईस नियम के आधार पर आयरलैंड को 5 रन से हराया था।
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच की बात करें तो इंग्लैंड ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 213 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 99 रन ही बना पाई।
पाकिस्तान की 4 बैटर ही छू पाईं दहाई का आंकड़ा
पाकिस्तान की ओर से उसकी सिर्फ चार बैटर्स ही दहाई का आंकड़ा छू पाईं। इंग्लैंड की ओर से कैथरीन सीवर ब्रंट और शार्लोट डीन ने क्रमशः 14 और 28 रन देकर दो-दो विकेट लिए। नताली सीवर ब्रंट, सारा ग्रीन और सोफी एक्लेस्टोन ने 1-1 सफलताएं हासिल कीं। इससे पहले इंग्लैंड की ओर से डेनियल वॉट ने अर्धशतक लगाया। वह 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 33 गेंद में 59 रन बनाकर आउट हुए।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम की नताली सीवर ब्रंट 12 चौके और एक छक्के की मदद से 40 गेंद में 81 रन बनाकर नाबाद रहीं। महिला टी20 विश्व कप में उनका यह छठा अर्धशतक है। वह टी20 विश्व कप में सबसे ज्यादा अर्धशतक बनाने वाली खिलाड़ियों में तीसरे नंबर पर पहुंच गईं। नताली सीवर ब्रंट प्लेयर ऑफ द मैच भी चुनी गईं।