भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा इस वनडे वर्ल्ड कप में बेहतरीन लय में नजर आ रहे हैं। पहले मैच में शून्य पर आउट होने के बाद हिटमैन ने दूसरे मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ शतकीय पारी खेली थी और इस दौरान 5 छक्के लगाकर वह इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने थे और क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ भी रोहित अच्छी लय में नजर आए और इस मैच में अपनी पारी के दौरान 3 छक्के लगाकर वह भारत की तरफ से वनडे प्रारूप में 300 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।
वनडे में भारत के लिए रोहित के नाम सबसे ज्यादा छक्के
रोहित शर्मा वनडे में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं और उन्होंने 300 छक्कों का आंकड़ा अपने अपने 254वें मैच में छू लिया। भारत की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर एमएस धोनी हैं जिन्होंने 350 वनडे मैचों में 229 छक्के लगाए थे तो वहीं तीसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने 463 मैचों में 195 छक्के लगाए थे।
भारत की तरफ से वनडे में सबसे ज्यादा छक्के
रोहित शर्मा – 303 छक्के
एमएस धोनी – 229 छक्के
सचिन तेंदुलकर – 195 छक्के
रोहित शर्मा ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
वनडे में रोहित शर्मा 300 छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज जरूर बने, लेकिन उन्होंने क्रिस गेल का यह रिकॉर्ड तोड़ दिए। वह वनडे में सबसे कम पारियों में 300 छक्के लगाने के मामले में क्रिस गेल के आगे निकल गए। रोहित ने अपनी 246वीं वनडे पारी में यह मुकाम हासिल किया जबकि क्रिस गेल ने 282 पारियों में ऐसा किया था तो वहीं शाहिद अफरीदी ने 324 पारियों में 300 छक्के लगाए थे।
वनडे में सबसे कम पारियों में 300 छक्के लगाने वाले टॉप 3 बल्लेबाज
246 पारियां – रोहित शर्मा
282 पारियां – क्रिस गेल
324 पारियां – शाहिद अफरीदी
वनडे में सबसे ज्यादा छक्के शाहिद अफरीदी के नाम
वनडे प्रारूप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अब भी पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी शाहिद अफरीदी के नाम पर दर्ज है जिन्होंने 398 वनडे मैचों में 351 छक्के लगाए थे। वहीं क्रिस गेल दूसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 301 मैचों में 331 छक्के लगाए थे जबकि रोहित शर्मा ने 254 मैचों में 300 छक्के लगा लिए हैं।
वनडे में सबसे ज्यादा छक्के
शाहिद अफरीदी – 351 छक्के
क्रिस गेल – 331 छक्के
रोहित शर्मा – 303 छक्के