एशिया कप (Asia Cup) 2023 में सुपर फोर में भारत (India) और पाकिस्तान (Pakistan) के बीच मैच में 11 सितंबर को एक बड़ा हादसा होने से बच गया। मैच के दौरान रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) की गेंद पाकिस्तान के आगा सलमान (Agha Salman) के मुंह पर बिल्कुल आंख के ठीक नीचे लगी। गेंद लगते ही आगा सलमान की दाईं आंख के नीचे के हिस्से से खून निकलने लगा। यह देख भारतीय विकेटकीपर केएल राहुल तुरंत उनके पास गए और उन्हें ढांढस बंधाया।
आगा सलमान ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मेडिकल टीम मैदान पर आई। उसने आगा सलमान की जांच की। पहले लगा कि आगा सलमान मैदान से चले जाएंगे। हालांकि, डॉक्टर्स ने जब उनकी दाईं आंख के नीचे एक पट्टी लगाई तो उन्होंने बताया कि वह बल्लेबाजी करना जारी रखेंगे।
यह घटना पाकिस्तान की पारी के 21वें ओवर की आखिरी गेंद में हुई। सलमान कैप पहनकर बैटिंग कर रहे थे। उन्होंने पैडल स्वीप करने की कोशिश की। रविंद्र जडेजा की गेंद उनके गाल पर लगी और कट लग गया। केएल राहुल तुरंत उनके पास पहुंचे। पाकिस्तानी फिजियो भी मैदान पर दौड़ते हुए आ गए। फिजियो ने फर्स्ट एड देने के बाद सलमान से बातचीत की।
सलमान का कन्कशन टेस्ट हुआ। इसके बाद सलमान ने हेलमेट पहनकर बल्लेबाजी जारी रखने का फैसला किया। सलमान की दाहिनी आंख के नीचे थोड़ी सूजन है। बताया जा रहा है कि मैच के बाद शायद चोट वाली जगह पर टांके भी लगाए जाएंगे। आगा सलमान का अपनी टीम के प्रति ऐसा जज्बा देखकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी सराहना हुई। लोगों ने उनकी हिम्मत को सलाम किया।
कुलदीप यादव ने झटका आगा सलमान का विकेट
सलमान हालांकि इसके बाद जारी देर तक क्रीज पर टिक नहीं पाए। जब उन्हें चोट लगी थी तब तक उन्होंने 23 गेंद में 15 रन बनाए थे। इसके बाद वह अपने खाते में 8 रन ही जोड़ पाए। सलमान 24वें ओवर की आखिरी गेंद पर एलबीडब्ल्यू हो गए। कुलदीप यादव ने उनका विकेट चटकाया। सलमान 2 चौके की मदद से 32 गेंद में 23 रन बनाकर पवेलियन लौटे।