भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में 372 रनों से मात दी। रनों के लिहाज से ये भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत भी है। इससे पहले भारत ने 337 रनों से दक्षिण अफ्रीका को हराया था। साथ ही ये जीत इसलिए भी खास है क्योंकि 5 साल बाद भारत ने न्यूजीलैंड को टेस्ट मैच हराया है।
इसके अलावा भारत एक बार फिर घर पर टेस्ट सीरीज में अजेय रहा है। 2012-13 में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद से 9 साल बाद अब तक भारत लगातार 14वीं टेस्ट सीरीज अपने घर पर जीती है। इस दौरान भारत ने दुनिया की लगभग हर टीम को घरेलू सरजमीं पर टेस्ट सीरीज में मात दी है।
5 साल बाद न्यूजीलैंड को दी मात
भारत ने आखिरी बार 2016 की घरेलू सीरीज में न्यूजीलैंड को टेस्ट मैच हराया था। इसके बाद 2019 में भारत ने 2-0 से सीरीज गंवाई थी और ये सीरीज हुई थी न्यूजीलैंड में। इसके बाद हाल ही में इसी साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी न्यूजीलैंड ने भारत को मात दी थी।
हार का मिथक तोड़ते हुए आज 5 साल बाद भारत कीवी टीम को टेस्ट मैच हरा पाया है। साथ ही वानखेड़े स्टेडियम में भारत का पिछले 9 साल का अजेय सफर जारी है। भारत ने इस मैदान पर कुल 26 टेस्ट मैच खेले हैं। जिसमें से 12 भारत ने जीते हैं और 7 गंवाए हैं। 7 मुकाबले इस मैदान पर ड्रॉ भी हुए हैं।
भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत
भारत ने न्यूजीलैंड को मुंबई टेस्ट में 372 रनों से हराकर रनों के लिहाज से अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। आइए नजर डालते हैं आंकड़ों पर:-
भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत (रनों के लिहाज से)
न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत
- पारी और 198 रन, नागपुर 2010
- पारी और 115 रन, हैदराबाद 2012
- पारी और 109 रन, चेन्नई 1956
- पारी और 27 रन, मुंबई 1955
- 372 रन, मुंबई 2021* (यही मैच)
9 साल से घर पर टेस्ट सीरीज नहीं हारा भारत
भारतीय टीम 2012 से 2021 तक लगातार अपने घर पर टेस्ट सीरीज में अजेय रही है। इस दौरान भारत ने लगातार 14वीं टेस्ट सीरीज अपने नाम की है। इस जीत का सिलसिला शुरू हुआ था 2012-13 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से। उस वक्त एमएस धोनी टीम के कप्तान थे। धोनी से कोहली-रहाणे तक भारत ने इस क्रम को जारी रखा है।
