भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैच की सीरीज का चौथा टेस्ट आज यानी 2 सितंबर 2021 से लंदन स्थित केनिंगटन ओवल के मैदान पर शुरू हुआ। इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। भारत की ओर से रोहित शर्मा और केएल राहुल ने पारी की शुरुआत की।
जेम्स एंडरसन इंग्लैंड के लिए पहला ओवर लेकर आए। एंडरसन ने जैसे ही पहली गेंद रोहित शर्मा को फेंकी। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ते हुए इतिहास रच दिया। चौंकिए नहीं, एंडरसन ने कोई बल्लेबाजी में सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड नहीं तोड़ा है, बल्कि घरेलू मैदान पर टेस्ट मैच खेलने के बारे में मास्टर ब्लास्टर को पीछे छोड़ा है।
एंडरसन अब घरेलू मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने वाले क्रिकेटर हो गए हैं। उनका यह इंग्लैंड में 95वां टेस्ट मैच है। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन तेंदुलकर ने अपने 24 साल लंबे टेस्ट करियर के दौरान भारत में 94 मैच खेले थे। सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में 200 टेस्ट मैच खेले थे। इसमें उन्होंने 329 पारियों में 53.78 के औसत से 15921 रन बनाए थे। इसमें उनके 51 शतक भी शामिल हैं।
जेम्स एंडरसन ने 18 साल लंबे अपने करियर में 166 टेस्ट खेले हैं। इसमें उन्होंने 630 विकेट लिए हैं। वह करियर में 31 बार मैच में 5-5 और 3 बार 10-10 विकेट ले चुके हैं। घर में सबसे ज्यादा टेस्ट मैच खेलने के मामले में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग तीसरे नंबर पर हैं।
रिकी पोंटिंग ने ऑस्ट्रेलिया में 92 टेस्ट मैच खेले थे। चौथे नंबर पर संयुक्त रूप से इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टेयर कुक और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ हैं। दोनों ने घरेलू मैदान पर 89-89 टेस्ट खेले थे। पांचवें नंबर पर साउथ अफ्रीका के जैक्स कैलिस हैं। उन्होंने घरेलू मैदान पर 88 टेस्ट खेले थे।
उधर, भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी पूर्व क्रिकेटर और प्रतिष्ठित कोच वासु परांजपे के सम्मान में चौथे टेस्ट के शुरुआती दिन बाजुओं पर पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे। परांजपे का इस सप्ताह की शुरुआत में मुंबई में निधन हो गया था।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने काली पट्टी पहने भारतीय टीम के खिलाड़ियों के साथ एक फोटो के साथ ट्वीट किया, ‘भारतीय क्रिकेट टीम वासुदेव परांजपे के सम्मान में आज काली पट्टी बांधकर खेल रही है।’
वासु परांजपे (82 वर्ष) का 30 अगस्त को मुंबई में माटुंगा में उनके निवास पर निधन हो गया था। उनके परिवार में पत्नी और बेटा जतिन है। जतिन परांजपे पूर्व चयनकर्ता और पूर्व भारतीय खिलाड़ी हैं। कई पूर्व भारतीय खिलाड़ियों समेत भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने वासु परांजपे के निधन पर शोक व्यक्त किया था।