रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम रविवार को वर्ल्ड कप का खिताबी मुकाबला खेलने उतरेगी। उसके सामने ऑस्ट्रलिया होगा, जिसने 2003 में भारत की वर्ल्ड कप जीतने की उम्मीदों पर पानी फेर दिया था। भारत भले ही ‘परफेक्ट 10’ के साथ फाइनल में पहुंचा हो लेकिन उसे ऑस्ट्रेलिया से होशियार रहने की जरूरत है। खास तौर पर उन पांच खिलाड़ियों से जो कि टीम इंडिया के सामने दीवार बन सकते हैं। यहां एक नजर उन्हीं 5 खिलाड़ियों पर।
डेविड वॉर्नर: ऑस्ट्रेलिया के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड वॉर्नर का दिल भारत में ही रमता है। वह सिर्फ बॉलीवुड डायलॉग ही नहीं, बल्कि भारतीय पिचों को भी अच्छी तरह जानते और समझते हैं। वॉर्नर ने 10 मैच में 52.80 के औसत से 528 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 107.53 का रहा। भारत को उनसे बहुत ज्यादा होशियार रहने की आवश्यकता है।
एडम जम्पा: ऑस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज ने इस वर्ल्ड कप में घातक गेंदबाजी की है। उन्होंने 10 मैचों में 22 विकेट अपने नाम किए हैं। उन्होंने श्रीलंका, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ 4-4 विकेट लिए थे। वहीं इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ 3-3 विकेट झटके। सिर्फ यही नहीं इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 29 रनों की अहम पारी भी खेली थी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय खिलाड़ियों को जम्पा की फिरकी से बचकर रहना होगा।
पैट कमिंस: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने वर्ल्ड कप में 10 मैच में 13 विकेट ले चुके हैं। टीम इंडिया को कमिंस की गेंदबाजी ही नहीं, बल्कि बल्लेबाजी से भी सावधान रहने की जरूरत है। कमिंस न सिर्फ टिक कर खेलना जानते हैं, बल्कि सही समय पर बड़े शॉट्स भी लगाते हैं। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 37 रन बनाए थे वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ 22 रन की पारी खेली। यही नहीं, अफगानिस्तान के खिलाफ संकट के समय उन्होंने सिर्फ नाबाद 12 रन बनाए, लेकिन 68 गेंदें खेलकर बताया कि विपरीत परिस्थितियों से भी उन्हें निपटना आता है।
ग्लेन मैक्सवेल: ये ऑस्ट्रेलिया ऑलराउंडर जब तक क्रीज पर है टीम इंडिया राहत की सांस नहीं ले सकती। अफगानिस्तान के खिलाफ जिस तरह दोहरा शतक लगाकर उन्होंने टीम को जीत दिलाई उससे उन्होंने दिखा दिया कि कोई भी लक्ष्य ऑस्ट्रेलिया के लिए असंभव नहीं है। मैक्सवेल के नाम छह विकेट भी हैं। मैक्सवेल 8 मैच में 398 रन बना चुके हैं। वह चोट के कारण दो मैच नहीं खेल पाए थे।
ट्रैविस हेड: चोट लगने के बाद जबसे हेड ऑस्ट्रेलियाई टीम में लौटे हैं वह विरोधियों के लिए बुरा सपना बने हुए हैं। उन्होंने 5 मैच में 38.40 के औसत से 192 रन बनाए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी तूफानी 109 रन की पारी भारत को चेताने के लिए काफी थी। वह लीग राउंड में भारत के खिलाफ नहीं खेले थे, ऐसे में भारत को और ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है।
विश्व कप 2023 में इन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों का प्रदर्शन
खिलाड़ी | मैच | रन | विकेट |
डेविड वॉर्नर | 10 | 528 | – |
एडम जम्पा | 10 | 48 | 22 |
ट्रैविस हेड | 5 | 192 | 2 |
पैट कमिंस | 10 | 128 | 13 |
ग्लेन मैक्सवेल | 8 | 398 | 5 |