आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल का जलवा बरकरार है। इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उनका बल्ला आग उगल रहा है। इसी के चलते जायसवाल ने रैंकिंग में दो और पायदान की छलांग लगा दी है। दरअसल, यशस्वी जायसवाल की अब टॉप 10 में एंट्री हो गई है। जयसवाल अब रोहित शर्मा से आगे निकल गए हैं और 10वें पायदान पर हैं। 8वें स्थान पर कोहली हैं जबकि 11वीं पोजिशन पर रोहित शर्मा हैं।
कोहली को भी 1 रैंकिंग का फायदा
यशस्वी जायसवाल ने करियर की ऑलटाइम बेस्ट रैंकिंग हासिल कर ली है। जायसवाल 727 रेटिंग के साथ 10वें स्थान पर हैं। वहीं विराट कोहली को ना खेलते हुए भी 1 पायदान का फायदा हुआ है। कोहली 744 रेटिंग के साथ 8वीं पोजिशन पर पहुंच गए हैं। वहीं इंग्लैंड के हैरी ब्रूक 9वें स्थान पर हैं। रोहित शर्मा को भी 2 स्थान का फायदा हुआ है। वह पिछले हफ्ते तक 13वें स्थान पर थे। अब रोहित शर्मा 720 रेटिंग के साथ 11वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के केन विलियमसन आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं।
स्टीव स्मिथ को बड़ा नुकसान
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में टॉप 5 की बात करें तो एक भी भारतीय वहां नहीं है। न्यूजीलैंड के 2, ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और इंग्लैंड का 1-1 खिलाड़ी शामिल है। टॉप 5 में ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ हैं जो 2014 के बाद पहली बार 800 से कम रेटिंग होने की वजह से तीसरे स्थान पर हैं। स्मिथ दूसरे से तीसरे पायदान पर खिसक गए हैं। वहीं भारत के खिलाफ रांची टेस्ट में 122 रन की पारी खेलने वाले जो रूट दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल चौथे और पाकिस्तान के बाबर आजम पांचवें स्थान पर हैं।
इंग्लैंड सीरीज में जायसवाल का दिखा गजब फॉर्म
यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सीरीज के 4 टेस्ट मैचों में जायसवाल ने 93.57 की शानदार औसत से 655 रन बना लिए हैं। इसमें 2 डबल सेंचुरी शामिल हैं। इसके अलावा जायसवाल ने 2 अर्धशतक भी लगाए हैं।