भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही टेस्ट सीरीज का असर खिलाड़ियों की रैंकिंग पर भी दिख रहा है। चेन्नई टेस्ट में कमाल का प्रदर्शन करने के बाद रविचंद्रन अश्विन और रोहित शर्मा का लाभ हुआ है। वहीं, बल्ले से फ्लॉप रहने के कारण चेतेश्वर पुजारा को नुकसान हुआ है। अश्विन इंग्लैंड के दूसरे टेस्ट मैच में बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन के कारण आलराउंडरों की सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, कप्तान विराट कोहली बल्लेबाजों में पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।

बल्लेबाजों में ऋषभ पंत को दो स्थानों का फायदा हुआ है। वे 11वें स्थान पर पहुंच गए हैं। रोहित शर्मा को 9 स्थानों का फायदा हुआ। वे 14वें नंबर पर पहुंच गए हैं। अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में दूसरे टेस्ट मैच में भारत की दूसरी पारी में 106 बनाए और मैच में आठ विकेट लिए। भारत ने यह मैच 317 रन से जीता था। आलराउंडरों की सूची में उनके 336 अंक हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर (407) अंक शीर्ष पर हैं। उनके बाद अश्विन के स्पिन जोड़ीदार रविंद्र जडेजा (403 अंक), इंग्लैंड के बेन स्टोक्स (397) और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (352) का नंबर आता है।

गेंदबाजों की सूची में 34 वर्षीय अश्विन 804 अंकों के साथ सातवें स्थान पर बने हुए हैं। वहीं, जसप्रीत बुमराह 761 अंक लेकर आठवें स्थान पर हैं। बुमराह को चेन्नई टेस्ट में विश्राम दिया गया था। आस्ट्रेलिया के पैट कमिन्स (908 अंक) इस सूची में शीर्ष पर हैं। चेन्नई में शून्य और 62 रन की पारियां खेलने वाले कोहली बल्लेबाजों की सूची में 838 अंक लेकर पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।

न्यूजीलैंड के केन विलियमसन (919 अंक) शीर्ष पर हैं जबकि आस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ (891) दूसरे स्थान पर हैं। एक अन्य आस्ट्रेलियाई मार्नस लाबुशेन (878) तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। जबकि इंग्लैंड के कप्तान जो रूट (869) चौथे स्थान पर खिसक गए हैं। चेन्नई टेस्ट में उन्होंने छह और 33 रन बनाए थे। भारत के चेतेश्वर पुजारा चेन्नई में 21 और सात रन ही बना पाए थे। वे 727 अंक के साथ आठवें स्थान पर खिसक गए हैं।