हाकी इंडिया के वार्षिक पुरस्कारों के दूसरे सत्र में साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी के लिए बीरेंद्र लाकड़ा, आकाशदीप सिंह, पीआर श्रीजेश और मनप्रीत सिंह के बीच मुकाबला होगा। ये पुरस्कार 26 मार्च को बंगलुरु में दिए जाएंगे। हाकी इंडिया ने गुरुवार को इन पुरस्कारों के लिए नामांकन सूची जारी की। ये पुरस्कार 2015 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और खेल में योगदान देने वालों को दिए जाएंगे। हाकी इंडिया अवार्ड्स की कुल इनामी राशि दो करोड़ रुपए होगी।

महिला खिलाड़ियों में स्ट्राइकर रानी रामपाल, दीपिका, कप्तान रितु रानी और गोलकीपर कविता साल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी की दौड़ में शामिल होंगी। पुरुष और महिला दोनों वर्ग के साल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को 25 लाख रुपए की इनामी राशि और ट्राफी दी जाएगी। मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड में 30 लाख रुपए की इनामी राशि और ट्राफी दी जाएगी। इसके अलावा जुगराज सिंह साल के उभरते हुए खिलाड़ी (पुरुष) और असुंता लाकड़ा साल की सर्वश्रेष्ठ उभरती हुई खिलाड़ी (महिला) पुरस्कार अंडर 21 खिलाड़ियों को दिए जाएंगे जिसकी इनामी राशि 10 लाख रुपए और ट्राफी है।

असाधारण उपलब्धि के लिए प्रेसीडेंट पुरस्कार, साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिए बलजीत सिंह पुरस्कार, साल के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर के लिए परगट सिंह पुरस्कार, साल के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर के लिए अजित पाल सिंह पुरस्कार और साल के सर्वश्रेष्ठ फारवर्ड के लिए धनराज पिल्लै पुरस्कार भी दिया जाएगा जिसकी इनामी राशि पांच लाख रुपए और ट्राफी है। पुरस्कारों के दौरान उन पुरुष और महिला खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने अहम उपलब्धियां हासिल की हैं जैसे भारत के लिए 100वां या 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलना या पदार्पण मैच में गोल दागना। इसके अंतर्गत क्रम से एक लाख और 50 हजार रुपए की इनामी राशि दी जाएगी।

इसके अलावा 2016 रियो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करके इतिहास रचने के लिए महिला टीम और सहयोगी स्टाफ को भी सम्मानित किया जाएगा। जूनियर पुरुष टीम और सहयोगी स्टाफ को भी आठवें जूनियर एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतने के लिए सम्मानित किया जाएगा। सीनियर पुरुष टीम और सहयोगी स्टाफ को भी पिछले साल रायपुर में हाकी विश्व लीग के दौरान कांस्य पदक जीतने के लिए सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कारों के नामित इस प्रकार हैं :
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (पुरुष) : बीरेंद्र लाकड़ा, आकाशदीप सिंह, पीआर श्रीजेश और मनप्रीत सिंह।
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (महिला): रानी रामपाल, दीपिका, रितु रानी और सविता।
जुगराज सिंह साल के उभरते हुए खिलाड़ी (पुरुष, अंडर 21): अरमान कुरैशी, दिपसान टिर्की, हरमनप्रीत सिंह और हरजीत सिंह।
असुंता लाकड़ा साल की सर्वश्रेष्ठ उभरती हुई खिलाड़ी (महिला, अंडर 21) सोनिका, दीप ग्रेस एक्का, प्रीति दुबे और लिलिमा मिंज।
साल के सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिए बलजीत सिंह पुरस्कार : सविता, हरजोत सिंह, पीआर श्रीजेश और रजनी एतिमारपू।
साल के सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर के लिए परगट सिंह पुरस्कार : बीरेंद्र लाकड़ा, दीपिका, कोथाजीत सिंह और सुशीला चानू।
साल के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर के लिए अजित पाल सिंह पुरस्कार : मनप्रीत सिंह, हरजीत सिंह, सरदार सिंह और रितु रानी।
साल के सर्वश्रेष्ठ फारवर्ड के लिए धनराज पिल्लै पुरस्कार : आकाशदीप सिंह, रानी, एसवी सुनील और अनुराधा थोकचोम।