मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहती हैं। वे पर्व-त्योहार पर लोगों को शुभकामनाएं और बधाई देती नजर आती हैं। हसीन ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर गणेश चतुर्थी की बधाई दी। उन्होंने एक वीडियो शेयर किया और लिखा- समस्त देशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामना। इससे पहले हसीन ने इस्लामिक न्यू ईयर की भी बधाई दी थी। दोनों बार उन्हें लोगों ने ट्रोल किया और धर्म का ज्ञान देने लगे।
हसीन को लोगों ने नसीहत देते हुए कहा कि वे दूसरे धर्म का प्रचार करना बंद कर दें। इससे पहले जब उन्होंने इस्लामिक न्यू ईयर की शुभकामनाएं दी थीं तो कुछ लोगों ने कहा था कि आपको इस्लाम के बारे में कुछ भी नहीं पता। दूसरी ओर, कई यूजर ने हसीन के इस वीडियो को पसंद भी किया है। हसीन ने हाल में एक टीवी डिबेट के दौरान जेहाद में लड़कियों के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाए थे। हसीन ने कहा था कि हमारे मुस्लिम समाज में कुछ ही लोग लड़कियों को पढ़ाते-लिखाते हैं। ज्यादातर लोग औरतों को घर में रखना ही पसंद करते हैं। उनके इस जवाब पर डिबेट में शामिल कई पैनलिस्टों को गुस्सा आ गया था।
हसीन ने ‘आज तक’ के कार्यक्रम दंगल में पैनलिस्टों से कड़े सवाल पूछे थे। हसीन ने कहा था, ‘‘मुझे एक बात बताइए कि औरतें अगर घर की जीनत हैं और औरतें बुरखा नहीं पहनती हैं तो उस पर आप सवाल उठाते हैं। तो मुझे ये बताइए कि महिलाओं को शाहीन बाग में प्रदर्शन के लिए क्यों बिठाया गया? इसलिए बिठाया गया कि मर्द अगर धरने पर बैठते तो पुलिस उसे उठाकर ले जाती। अपने आप को बचाने के लिए मुस्लिम कट्टरपंथी लोगों ने खुद को बचाने के लिए औरतों का इस्तेमाल किया। और मैं बुरखा नहीं पहनती हूं तो मेरे चरित्र पर सवाल उठाया जाता है।’’
मोहम्मद शमी और हसीन जहां पिछले कुछ सालों से अलग रह रहे हैं। दोनों के बीच टकराव चल रहा है। उन्होंने अपने पति पर चीट करने सहित कई संगीन आरोप लगाए थे। उसके बाद से यह कपल अलग रह रहा है। इन्हें एक बेटी भी है। शमी ने हाल ही में रोहित शर्मा के साथ बात में बताया था कि उनके मन में तीन बार आत्महत्या करने का विचार आया था। शमी और हसीन पहली बार 2012 में मिले थे। इसके बाद 2014 में दोनों ने निकाह कर लिया था। 4 साल के बाद 2018 में दोनों अलग हो गए। हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर तलाक नहीं हुआ है।