Hardik Pandya vs Rohit Sharma: आईपीएल फ्रेंचाइजी मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार के ऐलान किया था कि अगले सीजन यानी आईपीएल 2024 में मुंबई की कप्तानी रोहित शर्मा नहीं बल्कि हार्दिक पांंड्या करेंगे। मुंबई की तरफ से कहा गया था कि टीम के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया गया है और इस फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा को उनके योगदान के लिए धन्यवाद कहा गया था।
मुंबई ने आईपीएल 2024 की नीलामी से पहले गुजरात टाइटंस से हार्दिक पांड्या को खरीदा था, लेकिन पर्दे के पीछे की कहानी कुछ अलग है। हार्दिक पांड्या इतनी आसानी के साथ मुंबई की टीम के साथ नहीं जुड़े थे। मुंबई के पास फिर से वापस आने के लिए उन्होंने मुंबई के सामने शर्त रखी थी कि वह तभी वापस आएंगे जब उन्हें टीम का कप्तान बनाया जाएगा।
हार्दिक ने रखी थी कप्तान बनाने की शर्त
हमारे सहयोगी अखबार इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक हार्दिक पांड्या ने मुंबई की टीम के मालिक के साफ कर दिया था कि अगर उन्हें वह वापस पाना चाहते हैं तो ऐसा तभी होगा जब वह टीम के कप्तान बनाए जाएंगे। काफी विचार-विमर्श करने के बाद मुंबई फ्रेंचाइजी ने हार्दिक पांड्या की बात मान ली थी और वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान रोहित शर्मा को इसके बारे में सूचित कर दिया गया था। इसके बाद रोहित शर्मा ने टीम के भविष्य का फैसला फ्रेंचाइजी पर छोड़ दिया था और फिर मुंबई ने यह कदम उठाया।
रोहित को पांड्या के कप्तान बनने की दे दी गई थी जानकारी
रोहित शर्मा को वर्ल्ड कप 2023 के दौरान मुंबई ने बता दिया था कि हार्दिक पांड्या इस बार कप्तान के रूप में आगले सीजन के लिए टीम में वापस लौट रहे हैं। पांड्या इसी शर्त पर गुजरात से मुंबई जाने के लिए राजी हुए थे कि उन्हें कप्तान बनाया जाएगा। रोहित को विश्व कप की शुरुआत के आसपास फ्रेंचाइजी रोडमैप को समझने के लिए कहा गया था। कई बैठकों में उन्हें कप्तानी में तत्काल बदलाव की जरूरत के बारे में बताया गया और वे आगामी सत्र के लिए पंड्या के नेतृत्व में खेलने की योजना से सहमत हुए। रोहित शर्मा बेशक अब मुंबई के कप्तान नहीं होंगे, लेकिन वह इस टीम के साथ बतौर बल्लेबाज खेलते रहेंगे और टीम को अपने अनुभव का लाभ पहुंचाते रहेंगे।