ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीन टी20 की सीरीज का पहला मुकाबला शुक्रवार (4 सितंबर) को साउथैम्पटन में खेला गया। इंग्लैंड ने मैच में ऑस्ट्रेलिया को 2 रन से हरा दिया। मेजबान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 162 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन ही बना सकी। मुकाबले में एक समय ऑस्ट्रेलिया की टीम जीत की ओर बढ़ रही थी। ओपनर्स ने 98 रन की साझेदारी की थी, लेकिन आखिरी 6 ओवरों में टीम 39 रन भी नहीं बना सकी। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान इयॉन मॉर्गन और ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर ने खास उपलब्धि हासिल की।
ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे ज्यादा रन डेविड वॉर्नर ने बनाए। उन्होंने 47 गेंद पर 58 रन की पारी खेली। कप्तान एरॉन फिंच ने 32 गेंद पर 46 रनों का योगदान दिया। दोनों पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े। फिंच 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए। उन्हें जोफ्रा आर्चर ने क्रिस जॉर्डन के हाथों कैच कराया। इसके बाद 124 रन के स्कोर 14.2वें ओवर में स्टीव स्मिथ आउट हो गए। 127 रन के स्कोर ग्लेन मैक्सवेल पवेलियन लौट गए। डेविड वॉर्रन 16वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हो गए। अगली ही गेंद पर एलेक्स कैरी चलते बने। यहां से ऑस्ट्रेलिया को 21 गेंदों पर 30 रन बनाने थे। टी20 में यह आसान लक्ष्य माना जाता है।
रोमांचक मैच में हारा ऑस्ट्रेलिया, आखिरी ओवर में नहीं बना सका 15 रन
क्रीज पर मार्कस स्टोइनिस और एश्टन एगर थे। स्टोइनिस विस्फोटक बल्लेबाज हैं। उन्होंने बिग बैश लीग में शानदार प्रदर्शन किया था। आखिरी तीन ओवरों में 26 रन बनाने थे। 18वें ओवर में 7 रन बने। 19वें ओवर में क्रिस जॉर्डन ने सिर्फ 4 रन दिए। आखिरी ओवर में 15 रन बनाने थे, लेकिन टॉम करन ने ऐसा नहीं होने दिया। स्टोइनिस ने एक छक्का लगाया, लेकिन वो टीम को जीत नहीं दिला सके। टॉम करन ने सिर्फ 12 रन ही दिए और इंग्लैंड 2 रन से मैच जीत गया।
An unbelievable fightback from our bowlers!#ENGvAUS pic.twitter.com/50INdbXowC
— England Cricket (@englandcricket) September 4, 2020
इयॉन मॉर्गन 50 टी20 में इंग्लैंड के लिए 50 मैच में कप्तानी करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए। ओवरऑल की बात करें तो वे दुनिया में तीसरे स्थान पर हैं। भारत के महेंद्र सिंह धोनी ने 72 और आयरलैंड के विलियम पोर्टरफील्ड ने 57 मैचों में कप्तानी की है। मॉर्गन ने अफगानिस्तान के असगर अफगान को पीछे छोड़ा। असगर ने 49 मैचों में टीम का नेतृत्व किया था। दूसरी ओर, डेविड वॉर्नर टी20 में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए। उन्होंने करियर का 19 वां अर्धशतक लगाया। इस मामले में आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग (18) को पीछे छोड़ा। वॉर्नर से आगे भारत के रोहित शर्मा (25) और विराट कोहली (24) हैं।