दुनिया के महानतम फुटबॉलर डिएगो माराडोना का निधन हो गया है। वह 60 साल के थे। माराडोना के वकील ने उनके निधन की पुष्टि की।समाचार एजेंसी एएनआई ने रॉयटर्स के हवाले से जानकारी दी है कि माराडोना का निधन हार्ट अटैक की वजह से हुआ है। इसी महीने की 11 तारीख को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। उनका इमरजेंसी ब्रेन सर्जरी हुई थी और वह आठ दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे थे।
माराडोना को सर्वकालिक महान फुटबॉलर्स में गिना जाता है। माराडोना को इंग्लैंड के खिलाफ 1986 के टूर्नमेंट में ‘हैंड ऑफ गॉड’ के लिए याद किया जाता है। माराडोना ने साल 1986 में अपनी कप्तानी में अर्जेंटीना का फुटबॉल वर्ल्ड कप जिताया था। मारोडोना सबसे पहले 1982 में स्पेन में हुए फुटबॉल वर्ल्ड कप से चर्चा में आए थे हालांकि, तब वह महज 21 साल के थे। इसके बावजूद वह अर्जेंटीना के स्टार खिलाड़ी के रूप में उभरे थे। चार साल बाद जब अर्जेंटीना ने वर्ल्ड कप जीता तो वह टीम के कप्तान थे।
माराडोना बोका जूनियर्स, नैपोली और बार्सिलोना के लिए क्लब फुटबॉल भी खेल चुके हैं। दुनिया भर में उनकी बहुत फैन फॉलोइंग रही है। हालांकि, वह ड्रग्स और शराब की लत के चलते वह कई बार विवादों में भी रह चुके हैं।
कुछ दिनों पहले माराडोना का कोरोना टेस्ट हुआ था लेकिन उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। हालांकि, एक बॉडीगार्ड में कोरोना वायरस के लक्षण नजर आने के बाद वह पिछले हफ्ते दूसरी बार सेल्फ आइसोलेशन में गए थे।
Argentina soccer superstar Diego Maradona dies of heart attack: Reuters pic.twitter.com/lxkER64JMt
— ANI (@ANI) November 25, 2020
माराडोना अपनी बेटियों के घर के पास स्थित मकान में रह रहे थे। फुटबॉल से रिटायरमेंट के बाद उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था। उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि 2018 में रूस में हुए फुटबॉल वर्ल्ड में अचानक पहुंचकर उन्होंने अपने प्रशंसकों को चौंका दिया था।
माराडोना के निधन पर अर्जेंटीना में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा कर दी गई है। माराडोना के निधन की खबर से दुनिया भर के फुटबॉलप्रेमियों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोशल मीडिया पर इस महान फुटबॉलर को श्रृद्धांजलि दी जा रही है।
उनके निधन पर खेल प्रेमियों समेत दुनिया भर की हस्तियों ने दुख जताया है। सौरव गांगुली ने ट्वीट किया, मेरे हीरो अब नहीं रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। मैं आपके लिए फुटबॉल देखता था। वीवीएस लक्ष्मण ने उनके निधन को खेल की दुनिया के लिए बुरा दिन बताया है।
वीरेंद्र सहवाग ने भी उनके निधन पर दुख जताया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लिखा, आप बहुत याद आएंगे माराडोना। राहुल गांधी ने लिखा, दिग्गज हमें छोड़कर चले गए। जादूगर थे माराडोना। माराडोना ने फुटबॉल को ब्यूटीफुल गेम बनाया।