टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना का शिकार हुए। इसके कारण वह 14 महीने तक मैदान से दूर रहे। एक्सीडेंट से उबरने के बाद इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL 2024) में उन्होंने मैदान पर वापसी की। दिल्ली कैपिटल्स (DC) की वह कप्तानी कर रहे हैं। टीम ने भले ही अच्छा प्रदर्शन न किया हो, लेकिन पंत ने पिछले दो मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दो मैच में दो अर्धशतक ठोक बता दिया है कि वह इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के लिए भी दावेदारी ठोक दी है।

कार एक्सीडेंट के बाद ऋषभ पंत काफी अस्मंजस की स्थिति से गुजरे हैं। पैर गंवाने के डर से बेहतरीन क्रिकेट करियर के खत्म होने के डर तक उन्होंने हर चुनौती का बखूबी सामना किया और इससे निपटे। हालांकि, एक्सीडेंट से पहले पंत को इंटरनेशनल क्रिकेट में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने खुद को स्थापित कर लिया था, लेकिन लिमिटेड ओवर्स का क्रिकेट में वह संघर्ष कर रहे थे।

पंत के लिमिटेड ओवर्स करियर पर सवाल थे

एक्सीडेंट से पहले बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में पंत को अचानक ब्रेक देकर केएल राहुल को विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर मिडिल ऑर्डर में मौका दिया गया था। इसी सीरीज में इशान किशन ने दोहरा शतक ठोका था। बांग्लादेश दौरे के बाद भारत ने जनवरी 2023 में श्रीलंका से घरेलू सरजमीं पर 3 टी20 और 3 वनडे की सीरीज खेला था। दोनों सीरीज में पंत को नहीं चुना गया था। वनडे में केएल राहुल और इशान किशन का चयन हुआ था। टी20 में संजू सैमसन और इशान किशन को। पंत के लिमिटेड ओवर्स करियर पर सवाल थे। इस सीरीज से ठीक पहले पंत का एक्सीडेंट हुआ।

टी20 वर्ल्ड कप 2022 में दिनेश कार्तिक थे

इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2022 में भारतीय टीम ने दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत दोनों को मौका दिया था। रोहित शर्मा और राहुल द्रविड़ ने कार्तिक को पंत पर तरजीह दी थी। पंत केवल दो मैच खेले थे। आईपीएल 2022 में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी और उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने 30.91 की औसत से 340 रन बनाए थे उनका स्ट्राइक रेट 151.79 का रहा था, लेकिन वह एक भी 50 प्लस स्कोर नहीं कर पाए थे।

क्या टी20 वर्ल्ड कप 2024 में चुने जाएंगे

आईपीएल 2024 में पंत अबतक 4 मैच खेले हैं और 38 की औसत 158.33 के स्ट्राइक रेट से 152 रन बना चुके हैं। उन्होंने 12 चौके और 9 छक्के ठोक दिए हैं। 2022 में 14 मैच में उन्होंने 35 चौके और 16 छक्के लगाए थे। अगर पंत दमदार प्रदर्शन जारी रखते हैं तो उन्हें जून में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2024 में मौका मिल सकता है। टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम को मिडिल ऑर्डर में विकेटकीपर की तलाश है। यह तलाश ऋषभ पंत पूरी कर सकते हैं। अगर भारतीय टीम मैनेजमेंट ने ऋषभ पंत पर भरोसा जताया और वह उम्मीदों पर खरे उतरे तो उनके व्हाइट बॉल करियर को पर लग सकते हैं।

पंत का वनडे और टी20 में प्रदर्शन

पंत ने 2017 में भारत के लिए टी20 और 2018 में वनडे डेब्यू किया था। 66 टी20 में 22.43 का औसत और 126.54 का स्ट्राइक रेट बताता है कि उन्हें प्रतिभा से न्याय करने की जरूरत है। वनडे में भी उनकी हालत ऐसी ही रही है। उन्होंने 30 मैच की 26 पारी में 34.6 की औसत और 106.66 के स्ट्राइक रेट से 865 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं।