IPL 2021, PBKS vs DC : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वे संस्कारण का 29वां मुक़ाबला दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया। इस मैच में दिल्ली ने पंजाब को 7 विकेट से हारा दिया। जाब ने पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने के बाद छह विकेट पर 166 रन बनाये। दिल्ली ने 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 167 रन बनाकर जीत दर्ज की।

इस मैच में मयंक अग्रवाल की नाबाद 99 रन की पारी आखिर में शिखर धवन के नाबाद 69 रन के सामने फीकी पड़ गयी जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने यह मैच जीत लिया। अग्रवाल ने शुरू से एक छोर संभाले रखा तथा अपनी पारी में 58 गेंदों का सामना करके आठ चौके और चार छक्के लगाये। उनकी पराक्रमी पारी के दम पर पंजाब अंतिम छह ओवरों में 76 रन और कुल छह विकेट पर 166 रन बनाने में सफल रहा।

धवन ने हालांकि पृथ्वी सॉव (22 गेंदों पर 39 रन, तीन चौके, तीन छक्के) के साथ मिलकर दिल्ली को फिर से अच्छी शुरुआत दिलायी। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने आखिर तक एक छोर संभाले रखा तथा अपनी पारी में 47 गेंदों का सामना करके छह चौके और दो छक्के लगाये। इससे दिल्ली ने 17.4 ओवर में तीन विकेट पर 167 रन बनाकर अपनी छठी जीत दर्ज की।

इसे जीत से दिल्ली के आठ मैचों में 12 अंक हो गये हैं और वह चेन्नई सुपर किंग्स को पीछे छोड़कर शीर्ष पर पहुंच गया है। दिल्ली के सामने चुनौतीपूर्ण लक्ष्य था लेकिन उसके सलामी बल्लेबाज विशेषकर सॉव शुरू से हावी हो गये। पंजाब के मुख्य गेंदबाज मोहम्मद शमी पर छक्का और दो चौके जड़कर उन्होंने अपने इरादे जतला दिये थे।

पावरप्ले का आखिरी ओवर करने के लिये उतरे क्रिस जोर्डन को भी सॉव ने यही सबक सिखाया जिससे दिल्ली पहले छह ओवरों में ही 63 रन तक पहुंच गया। हरप्रीत बरार ने हालांकि इसके तुरंत बाद खूबसूरत गेंद पर सॉव का मिडिल स्टंप थर्राकर पंजाब को बड़ी राहत दिलायी।

धवन और स्टीवन स्मिथ (22 गेंदों पर 25) ने इसके बाद स्ट्राइक रोटेट करके स्कोर बोर्ड को गतिमान रखा। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिये 48 रन जोड़े। स्मिथ ने रिले मेरेडिथ की गेंद पर डीप मिडविकेट पर खड़े डाविड मलान को आसान कैच थमाया जिससे यह साझेदारी टूटी।

धवन ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई पर डीप मिडविकेट पर छक्का लगाकर आईपीएल में अपना 44वां अर्धशतक पूरा किया। शमी अपना अगला स्पैल करने आये तो ऋषभ पंत (14) ने छक्के से उनका स्वागत किया। पंत ढीला शॉट खेलकर पवेलियन लौट गये लेकिन शिमरोन हेटमायर (चार गेंदों पर नाबाद 16) ने मेरेडिथ के अगले ओवर में लगातार दो छक्के और चौका लगाकर टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया।

इससे पहले पंजाब किंग्स को शीर्ष क्रम में राहुल की कमी खली। राहुल अपेंडिसाइटिस के कारण अगले कुछ मैचों में टीम की अगुवाई नहीं कर पाएंगे। कैगिसो रबाडा (36 रन देकर तीन विकेट) ने इसका फायदा उठाकर पहले प्रभसिमरन सिंह (16 गेंदों पर 12) और फिर उनका स्थान लेने के लिये उतरे क्रिस गेल (नौ गेंदों पर 13) को आउट कर दिया।

पंजाब पावरप्ले में दो विकेट पर 39 रन ही बना पाया। रबाडा की तेज गति की गेंद ने गेल का मिडिल स्टंप थर्राकर इन दोनों महारथियों के बीच जंग में बाजी मारी। अगवाल और आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे डाविड मलान पर दिल्ली के स्पिनरों अक्षर पटेल और ललित यादव ने लगाम लगाये रखी। निकालेस पूरण की जगह टीम में लिये दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज मलान केवल 26 रन बना पाये। उन्होंने इशांत शर्मा पर छक्का लगाया लेकिन अक्षर पर लंबा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गये। अग्रवाल और मलान ने तीसरे विकेट के लिये 52 रन जोड़े।

दीपक हुड्डा (एक) गफलत में रन आउट हो गये जिससे पंजाब की परेशानी बढ़ गयी। पंजाब का स्कोर 14वें ओवर तक चार विकेट पर 90 रन था। इसके बाद अग्रवाल ने अपना असली जलवा दिखाया। उन्होंने रबाडा पर मिडविकेट पर छक्का लगाया और फिर इशांत की गेंद चौके के लिये भेजकर अपना अर्धशतक पूरा किया।

इशांत ने अपना पहला ओवर मेडन किया था लेकिन अग्रवाल ने उनके इस ओवर में छक्का भी लगार उनका गेंदबाजी विश्लेषण बिगाड़ दिया। उन्होंने अक्षर पर भी लगातार दो चौके लगाये जिन्होंने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया।

अग्रवाल को शतक पूरा करने के लिये अवेश खान की पारी की अंतिम गेंद पर छक्के की जरूरत थी लेकिन वह चौका ही लगा पाये। इससे पहले की दो गेंदों पर उन्होंने चौका और छक्का लगाया था। वह आईपीएल में छठे बल्लेबाज हैं जिनकी पारी 99 रन पर समाप्त हुई।

 

Live Blog

22:52 (IST)02 May 2021
दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका कप्तान ऋषभ पंत के रूप में लगा


दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका कप्तान ऋषभ पंत के रूप में लगा है। पंत 14 रन बनाकर क्रिस जॉर्डन की गेंद पर आउट हुए। टीम ने 17 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 148 रन बना लिए हैं। 

22:36 (IST)02 May 2021
दिल्ली को जीतने के लिए 48 गेंदों में 61 रनों की जरूरत है

दिल्ली कपिटल्स ने 12 ओवर के बाद एक विकेट के नुकसान पर 106 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर स्टीव स्मिथ 24 और शिखर धवन 41 रन बनाकर खेल रहे हैं। दिल्ली को जीतने के लिए 48 गेंदों में 61 रनों की जरूरत है।

21:58 (IST)02 May 2021
दिल्ली ने पावरप्ले में 63  रन ठोक डाले

दिल्ली कपिटल्स के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और पृथ्वी शॉ ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पावरप्ले में 63  रन ठोक डाले। धवन  22 और शॉ  39 रन बनाकर खेल रहे हैं। 

21:35 (IST)02 May 2021
डेब्यू कप्तानी में सबसे अधिक रन बनाने वाले आईपीएल के दूसरे कप्ता

मयंक अग्रवाल ने कप्तानी में डेब्यू करते हुए इतिहास रच डाला है। वो डेब्यू कप्तानी में सबसे अधिक रन बनाने वाले आईपीएल के दूसरे कप्तान बन गये हैं। डेब्यू कप्तानी में संजू सैमसन टॉप पर हैं। उन्होंने 119 रन बनाये थे। जबकि मयंक अग्रवाल ने नाबाद 99 रन बनाये। इस मामले में तीसरे नंबर पर श्रेयस अय्यर ने नाबाद 93 रन बनाये थे। जबकि पोलार्ड ने कप्तानी में डेब्यू करते हुए 83 रन बनाये थे। 

20:29 (IST)02 May 2021
मयंक अग्रवाल 29 और डेविड मलान 22  रन बनाकर खेल रहे हैं

पंजाब किंग्स ने 12 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 77 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर कप्तान मयंक अग्रवाल 29 और डेविड मलान 22  रन बनाकर खेल रहे हैं।  

20:09 (IST)02 May 2021
पंजाब की धीमी शुरुआत

पंजाब किंग्स ने 7 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 53 रन बना लिए हैं। क्रीज़ पर कप्तान मयंक अग्रवाल 23 और डेविड मलान 7 रन बनाकर खेल रहे हैं।  

19:43 (IST)02 May 2021
पंजाब की टीम ने बिना नुकसान के छह रन बना लिए

दो ओवर के बाद पंजाब की टीम ने बिना नुकसान के छह रन बना लिए हैं। प्रभसिमरन सिंह तीन और मयंक अग्रवाल तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।