न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट के चौथे दिन भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत शतक से सिर्फ 1 रन से चूक गए। दूसरी पारी में बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे पंत को 99 के निजी स्कोर पर विलियम ओ रूर्के ने बोल्ड कर दिया। इस तरह पंत 62 पारियों की टेस्ट करियर में 7वीं बार नर्वस 90 का शिकार हुए।

इससे पहले पंत दिसंबर 2022 में सड़क दुर्घटना का शिकार होने से पहले बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 93 रन पर आउट हो गए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट की दूसरी पारी में पंत ने 105 गेंद पर 9 चौके और 5 छक्के की मदद से 99 रन बनाए। ऋषभ पंत 7 बार नर्वस 90 का शिकार हुए हैं। लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर, महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग 5-5 बार नर्वस 90 का शिकार हुए हैं।

ऋषभ पंत कब-कब हुए नर्वस 90 का शिकार

ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में पहली बार वेस्टइंडीज के खिलाफ अक्टूबर 2018 में 92 रन बनाकर आउट हुए थे। अगली ही पारी में हैदराबाद में वेस्टइंडीज के ही खिलाफ 92 रन बनाकर आउट हो गए थे। सिडनी में जनवरी 2021 में वह 97 रन बनाकर आउट हुए थे। फरवरी 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ चेन्नई में 91 रन बनाकर आउट हुए थे।

IND vs NZ: ऋषभ पंत ने लगाया 107 मीटर का छक्का, दूसरी पारी में शतक से चूके

ऋषभ पंत ने सरफराज खान के साथ 177 रन की साझेदारी की

श्रीलंका के खिलाफ मार्च 2022 में मोहाली में 96 रन बनाकर आउट हुए थे। फिर बांग्लादेश के खिलाफ दिसंबर 2022 में 93 रन बनाकर आउट हुए। इसके न्यूजीलैंड के खिलाफ बेंगलुरु में अक्टूबर 2023 में 99 रन बनाकर आउट हुए। ऋषभ पंत ने सरफराज खान के साथ 177 रन की साझेदारी की और भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। सरफराज खान ने 195 गेंद पर 150 रन बनाए। उन्होंने 18 चौके और 3 छक्के लगाए। भारत ने टी ब्रेक तक 6 विकेट पर 438 रन बना लिए। रविंद्र जडेजा 4 रन बनाकर क्रीज पर थे।