कोरोनावायरस के कारण देश भर में लॉकडाउन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने देश की जनता से घर में रहने और सिर्फ घर पर ही रहने की अपील की है। इसके बावजूद कुछ लोग मान नहीं रहे हैं। वे लॉक डाउन के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। यही नहीं, यदि पुलिस उन्हें रोकती है तो वे बदतमीजी कर रहे हैं। कई जगह पुलिस के साथ मारपीट की भी खबरें आईं हैं। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल है।

इस वीडियो को भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी अपने ट्विटर अकांउट पर शेयर किया है। इसमें कुछ लोग झुंड में सड़क पर घूमते दिख रहे हैं। जब पुलिस ने जब इन लोगों को रोककर घर पर ही रहने की सलाह दी तो वे हाथापाई करने लगे। वीडियो में दिख रहा है कि इन लोगों में से एक ने पुलिसवाले को थप्पड़ मारा। इसके बाद उसने पुलिस वाले को सड़क पर गिरा दिया और पीटने लगा। हालांकि, उसमें से एक इंसान ने उस लड़के को रोकने की कोशिश भी की, इसके बावजूद वह बेखौफ पुलिसवाले की पिटाई करने में जुटा रहा।

हरभजन यह वीडियो देखकर इतने आग बबूला हो गए कि उन्होंने ट्विटर पर ऐसे लोगों के लिए अपशब्दों (गाली) का इस्तेमाल किया। उन्होंने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा, पुलिस के प्रति हमें अपने F*****G रवैए को बदलना होगा। हमें बिल्कुल नहीं भूलना चाहिए कि ये लोग हमारे जीवन को बचाने के लिए अपनी जिंदगी को दांव पर लगाते हुए दिन भर सड़कों पर तैनात रहते हैं। इनके भी अपने परिवार हैं, लेकिन वे देश के लिए अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। क्या हमारा फर्ज नहीं है कि हम भी देश और अपने समाज की रक्षा के लिए घर पर ही रहें? हमें इस बात को गंभीरता से समझने की जरूरत है। बेहतर कल के लिए समझदार बनो। प्लीज समझदार बनो।’



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च की आधी रात से 21 दिनों के लिए देश भर में लॉकडाउन का आदेश दिया है। देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या रोज इजाफा हो रहा है। अब तक कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 694 हो गई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोनावायरस के कारण अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है।