CT 2025: भारतीय वनडे टीम के उप-कप्तान शुभमन गिल ने पाकिस्तान के खिलाफ 46 रन की अच्छी पारी खेली थी, लेकिन वो अपने अर्धशतक से चूक गए थे। शुभमन गिल को पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद ने एक घूमती हुई गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया था और वो देखते रह गए थे। गिल को आउट करने के बाद अबरार अहमद ने जिस तरह से गिल को जाने का इशारा किया था उनके इस गेस्चर से पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम काफी निराश हुए और उन्हें जमकर लताड़ा।
अबरार अहमद एकमात्र पाकिस्तान गेंदबाज रहे जो भारत के खिलाफ सधी हुई गेंदबाजी करते हुए नजर आए थे और उनकी बॉलिंग भी शानदार रही। उन्होंने भारत के खिलाफ 10 ओवर में 20 रन देकर एक विकेट शुभमन गिल के रूप में लिया। अबरार अहमद ने भारत की पारी के 17वें ओवर में क्रीज पर जम चुके गिल को बोल्ड किया और उन्होंने जो गेंद फेंकी वो गजब की थी। अबरार की गेंद लेग-स्टंप लाइन पर पिच हुई फिर तेजी से मुड़ी और गिल को छकाते हुए ऑफ-स्टंप के ऊपर जा लगी।
अबरार अहमद की हरकत से नाराज हुए वसीम अकरम
शुभमन गिल को बोल्ड करने के बाद अबरार अहमद रोमांचित हो गए और उन्होंने भारतीय उप-कप्तान को खास अंदाज में सिर हिलाकर जाने का इशारा करते हुए विदाई दी। हालांकि गिल ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन कई क्रिकेट एक्सपर्ट का मानना है कि अबरार ने जो इशारा किया वो जरूरी नहीं था। वसीम अकरम ने भी स्पोर्ट्स सेंट्रल से कहा कि मैं अबरार की उस गेंद से काफी प्रभावित था, लेकिन उन्होंने जिस तरह से जश्न मनाया वो सही नहीं था। समय और जगह होती है न यार (हर चीज के लिए एक समय और जगह होती है)।
वसीम अकरम ने कहा कि क्या कोई ऐसा नहीं है जो अबरार से डांटकर पूछे कि वो क्या कर रहा था। मैच कि स्थिति देखिए, आप दवाब में हैं, फिर भी आप ऐसे जश्न मना रहे हैं जैसे कि आपने 5 विकेट ले लिए हों। वसीम अकरम ने कहा कि उनके जश्न ने सबकुछ खत्म कर दिया। गिल जब आउट हुए तब भारत मजबूत स्थिति में था और भारत पर कोई ज्यादा दवाब नहीं था। वहीं अबरार को दूसरे छोर से किसी और पाकिस्तानी गेंदबाद का साथ नहीं मिला और इस टीम की तेज गेंदबाज की जोड़ी शाहीन अफरीदी और हारिस राऊफ की भारतीय बल्लेबाजों ने धज्जियां उड़ा दी। भारत ने 45 गेंद शेष रहते मैच जीत लिया और पाकिस्तानी की टीम देखती रह गई।.