भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को रोहित शर्मा को राजीव गांधी खेल रत्न अवॉर्ड देने की सिफारिश की है। बोर्ड ने ओपनर शिखर धवन, तेज गेंदबाज इशांत शर्मा और महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा का नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए भेजा है। अब तक तीन क्रिकेटरों सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली को खेल रत्न से सम्मानित किया जा चुका है। पिछले साल रोहित शर्मा का प्रदर्शन शानदार रहा था। उन्होंने आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में 5 शतक लगाए थे। इसके साथ ही किसी एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था।

रोहित पिछले सीजन में सीमित ओवर फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उनको आईसीसी ने 2019 के लिए वनडे क्रिकेटर ऑफ द ईयर घोषित किया था।  बता दें कि खेल मंत्रालय ने कोरोनावायरस के कारण इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के दावेदारों से ई-मेल के जरिए नामांकन मांगें हैं। वैसे आमतौर पर नामांकन भेजने की प्रक्रिया अप्रैल में शुरू होती है, लेकिन इस बार लॉकडाउन के कारण मई में आवेदन मांगे गए हैं। ऑनलाइन नामांकन भेजने की आखिरी तारीख 3 जून है। अगर इसके बाद भेजे गए आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।

खेल रत्न भारत का सर्वोच्च खेल पुरस्कार है। इसे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर रखा गया है। हर साल देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को यह दिया जाता है। पुरस्कार के साथ खिलाड़ी को 7.5 लाख रुपए और एक प्रतिमा दी जाती है। अर्जुन पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ी को पांच लाख रुपए दिए जाते हैं। पिछले साल पैरालिंपियन दीपा मलिक और पहलवान बजरंग पूनिया को खेल रत्न के लिए चुना गया था।

Online Game खेलने के लिए क्‍लिक करें

रोहित ने 2019 वनडे वर्ल्ड कप में 9 मैचों में 81 के औसत से 648 रन बनाए थे। रोहित शर्मा ने 32 टेस्ट मैचों में 2141 रन बनाए हैं। इसमें उनके 6 शतक, एक दोहरा शतक और 10 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे इंटरनेशल में उन्होंने 224 मैचों में 32 बार नाबाद रहते हुए 9115 रन बनाए हैं। वनडे में रोहित ने 29 शतक (तीन दोहरे शतक) और 43 अर्धशतक लगाए हैं। रोहित टी20 इंटरनेशनल मैचों में 108 मैचों में 2773 रन बना चुके हैं।

रोहित के सलामी जोड़ीदार शिखर धवन का नाम फिर अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा गया है। बीसीसीआई ने 2018 में भी बाएं हाथ के बल्लेबाज धवन का नाम अर्जुन पुरस्कार के लिए भेजा था। हालांकि, तब उन्हें इस अवार्ड के लिए नहीं चुना गया था।