भारत की स्टार रेसलर बबीता फोगाट ने पहले तो अपने शानदार खेल के दम पर कई मेडल जीते और अब राजनीति अपना हाथ आजमा रही हैं। बबीता के उपलब्धियों की बात करें तो उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में एक गोल्ड और दो सिल्वर मेडल, कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में दो गोल्ड, वर्ल्ड चैंपियनशिप में एक ब्रॉन्ज और एशियन चैंपियनशिप में एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं। उनका जन्म हरियाणा के भिवानी में 20 नवंबर 1989 में हुआ था। उन्होंने 2019 में यानी पिछले साल विवेक सुहाग के साथ शादी की थी।
बबीता की शादी की कहानी भी काफी रोचक है। विवेक अखाड़े में पहलवानी करते थे। दोनों की मुलाकात 2014 में सोनीपत के साईं सेंटर में कुश्ती खिलाड़ियों के लिए लगे एक नेशनल शिविर के दौरान हुई थी। वहीं से ये लव स्टोरी शुरू हुई। बबीता और विवेक ने नच बलिए 9 में भी हिस्सा लिया था। वहां पर भी दोनों की केमेस्ट्री लोगों को काफी पसंद आई थी। पिछले साल शादी के दौरान बबीता और विवेक ने 7 की जगह 8 फेरे लिए थे। इसके पीछे का कारण काफी प्रेरणा देने वाली है।
बबीता और विकेट ने 8 फेरे लेकर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का संदेश दिया था। विवेक 2018 में भारत केसरी का खिताब जीत चुके हैं। सरल स्वभाव के विवेक और इनका परिवार भी बबीता की तरह ही सादगी को बेहद पसंद करता हैं। बबीता ने साल 2019 अगस्त में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ज्वाइन किया, लेकिन अक्टूबर 2019 में हुए हरियाणा विधान सभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था।
बबीता के शानदार प्रदर्शन का राज उनका हमेशा फिट रहना है। किसी भी खिलाड़ी को सफलता हासिल करने के लिए अपनी फिटनेस पर काफी मदद करनी पड़ती है। बबीता भी फिटनेस को लेकर गंभीर रहती हैं। वो घर का बना भोजन करती हैं और नियमित व्यायाम करती हैं। फिटनेस को बनाए रखने के लिए वह जंक फूड से दूरी बनाए रखती हैं। साथ ही वह चाय या कॉफी भी नहीं पीतीं हैं। वहीं तले खाने से भी दूरी बनाए रखती हैं।