भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में 8 विकेट से हार गई। पहली पारी में बढ़त बनाने के बावजूद टीम इंडिया को शर्मनाक हार मिली। मैच की दूसरी पारी में भारतीय टीम 36 रनों पर सिमट गई। इस पारी में कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को नहीं छू सका। इसके बाद सोशल मीडिया पर नंबर शेयर होने लगा जो हूबहू किसी के मोबाइल नंबर की तरह है। यूजर्स ने 9204084041 इस नंबर को जमकर शेयर किया और टीम इंडिया का मजाक उड़ाया।

दरअसल, सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा ये (9204084041) किसी का मोबाइल नंबर नहीं बल्कि टीम इंडिया के बल्लेबाज द्वारा आज (19 दिसंबर 2020) को बनाए गए रन हैं। मैच के दूसरे दिन दूसरी पारी में पृथ्वी शॉ 4 रन बनाकर आउट हो गए थे। मयंक अग्रवाल और जसप्रीत बुमराह नाबाद थे। अग्रवाल 9 रन बनाकर जोश हेजसवुड की गेंद पर टिम पेन को कैच थमा बैठे। जसप्रीत बुमराह ने 2 रन बनाकर पैट कमिंस की गेंद पर उनको ही कैच दे दिया। चेतेश्वर पुजारा खाता भी नहीं खोल पाए और कमिंस की गेंद पर पेन को कैच थमा बैठे।

इसके बाद विराट कोहली को 4 रन के निजी स्कोर पर कमिंस ने क्रिस ग्रीन के हाथों कैच कराया। पुजारा की तरह उपकप्तान अजिंक्य रहाणे भी खाता नहीं खोल सके। हेजलवुड ने उन्हें भी पेन के हाथों कैच कराया। हनुमा विहारी 8 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर पेन को कैच दे बैठे। ऋद्धिमान साहा के बल्ले से सिर्फ 4 रन निकले। हेजलवुड की गेंद पर उन्होंने मार्नश लबुशेन को कैच दे दिया। रविचंद्रन अश्विन शून्य पर आउट हुए। हेजलवुड की गेंद पर वे भी पेन कैच थमा बैठे। उमेश यादव 4 रन बनाकर नाबाद रहे और मोहम्मद शमी 1 रन पर रिटायर्ड हर्ट हुए।


भारतीय टीम ने पहला टेस्ट 1932 में खेला था। इससे पहले उसका न्यूनतम स्कोर 42 रन था। जो उसने 20 जून 1974 को लार्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। तब भी वह दूसरी पारी में 50 रन के भीतर ढेर हुई थी। टीम इंडिया 88 साल के अपने टेस्ट क्रिकेट इतिहास में दूसरी बार 50 रन के भीतर ऑलआउट हुई है। वह अब तक कुल 8 बार 100 रन के भीतर ऑलआउट हो चुकी है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत का न्यूनतम स्कोर 58 रन था। जो उसके नाम नवंबर 1947 में ब्रिसबेन में दर्ज हुआ था। उस मैच में टीम इंडिया की कमान लाला अमरनाथ के हाथों में थी। तब टीम इंडिया सीरीज के पहले मैच की दूसरी पारी में 58 रन पर ढेर हो गई थी।