मायानगरी मुंबई को देश के ज्यादातर सेलिब्रिटीज का पहला घर कहा जाता हैं। यहां बॉलीवुड से लेकर खेल जगत तक के कई सेलिब्रिटीज का आलीशान आशियाना है। लेकिन दुनिया का एक शहर और हैं जहां भारत के कई स्टार्स का दूसरा घर बना है। वह शहर है दुबई, जहां ऐश्वर्या राय बच्चन से लेकर भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा का दूसरा घर है।
इस सूची में कई नाम शामिल हैं। सबसे खास नाम है इनमें से भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और उनके पाकिस्तानी क्रिकेटर पति शोएब मलिक का। दोनों के पास गोल्डेन वीजा भी है। सानिया यूएई का गोल्डेन वीजा पाने वाली तीसरी भारतीय और पहली भारतीय महिला हैं। पहले ये जानते हैं:-
गोल्डेन वीजा होता क्या है?
दरअसल गोल्डेन वीजा यूएई सरकार द्वारा 2019 में लागू किया गया था। इसके तहत आप यूएई में लंबे समय तक रहे सकते हैं, काम कर सकते हैं और वहां पढ़ भी सकते हैं। इसकी वैद्यता 5 से 10 साल तक होती है। लेकिन उसके बाद ये ऑटोमेटिकली रिन्यू भी हो जाता है। ये गोल्डेन वीजा भारत में संजय दत्त और शाहरुख खान के पास भी है।
दुबई में है इन सेलिब्रिटीज का दूसरा घर
सानिया-शोएब
सानिया मिर्जा और शोएब मलिक ने 12 अप्रैल 2010 को शादी की थी। सानिया हैदराबाद की रहने वाली हैं तो पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब सियालकोट से हैं। लेकिन दोनों का दूसरा घर दुबई में है। दुबई के पाम जुमेराह (Palm Jumeirah) में उनका बेहद आलिशान आशियाना बना हुआ है। अक्सर दोनों यहां ही एकसाथ रहते हैं।
ऐश्वर्या-अभिषेक
बॉलीवुड के पॉवर कपल कहे जाने वाले ऐश्वर्या राय बच्चन और अभिषेक बच्चन की भी मुंबई के अलावा दुबई में एक शानदार प्रॉपर्टी है। इस पॉवर कपल का आशियाना जुमेराह गोल्फ एस्टेट के सेंचुरी फाल्स में स्थित है। ये घर कपल ने 2016 में खरीदा था। दोनों अक्सर छुट्टियों में यहां समय बिताने के लिए पहुंचते हैं।
शाहरुख खान
आईपीएल टीम केकेआर के मालिक व बॉलीवुड के किंग खान कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेताओं में से एक शाहरुख खान गोल्डेन वीजा धारी हैं। मुंबई के अलावा उनका दुबई में भी बेहद आलीशान आशियाना बना हुआ है। उनका दुबई स्थित बेहद शानदार विला पाम जुमेराह में ही बना हुआ है जिसका नाम ‘जन्नत’ है। शाहरुख अक्सर अपने परिवार के साथ या फिर शूटिंग के दौरान यहां रहते हैं।
शिल्पा शेट्टी
आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के पूर्व मालिक राज कुंद्रा ने अपनी पत्नी और मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी को 2010 में बुर्ज खलीफा में एक शानदार फ्लैट शादी की सालगिरह पर गिफ्ट किया था। हालांकि बाद में एक्ट्रेस ने इस फ्लैट को बेचकर पाम जुमेराह में ही एक बेहद आलीशान विला खरीद लिया था।
सोहेल खान
2013 में सलमान खान के भाई सोहेल खान ने दुबई के सिग्नेचर रेजिडेंस के एक फ्लोर पर कई अपार्टमेंट खरीद लिए थे। हमारे सहयोगी इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए उन्होंने बताया था कि,’ये उनका फैमिली इनवेस्टमेंट है। जब वे लोग दुबई आएंगे तो उनके पास रहने के लिए एक शानदार घर होगा।’