टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा आईपीएल 2024 से पहले मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटा दिए गए हैं। उनकी जगह हार्दिक पंड्या को टीम का नया कप्तान बनाया गया है। मिनी ऑक्शन से पहले मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को गुजरात टाइटंस से करीब 15 करोड़ रुपए में ट्रेड किया था। वहीं 2013 से मुंबई इंडियंस की कप्तानी कर रहे रोहित ने अपनी टीम को 5 बार चैंपियन बनवाया। आईपीएल के सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा के लिए साल 2023 लकी साबित नहीं हो रहा था और साल खत्म होते-होते उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया।

रोहित के लिए अनलकी था 2023!

साल 2023 में रोहित शर्मा की कप्तानी में उनकी टीम मुंबई इंडियंस और भारतीय टीम को कुल मिलाकर 3 बड़ी हार झेलनी पड़ी। इसी से साबित होता है कि रोहित इस साल प्रदर्शन के लिहाज से तो हिट रहे, लेकिन कप्तानी में उनके लिए यह साल लकी नहीं रहा। साल के शुरुआत में रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस आईपीएल प्लेऑफ में बाहर हो गई थी। इसके बाद जून महीने में रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल हार गई और 19 नवंबर को रोहित की ही कप्तानी में भारतीय टीम विश्व कप का फाइनल हार गई।

ये तीन बड़ी हार रोहित के लिए 2023 को कर गईं अनलकी

आईपीएल 2023, गुजरात बनाम मुंबई इंडियंस

26 मई 2023 को रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस क्वालिफायर 2 में गुजरात टाइटंस के हाथों हार गई थी। इस मैच में गुजरात ने मुंबई को 62 रन से हरा दिया था। गुजरात ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई को 234 रन का लक्ष्य दिया था। गुजरात की ओर से शुभमन गिल ने 60 गेंद में 129 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। साईं सुदर्शन ने 43 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई की टीम 171 रन पर ऑलआउट हो गई थी। मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने 61 रन बनाए थे।

WTC Final, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया

रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया जून 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी हार गई। ओवल में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 209 रन से हरा दिया था।

वर्ल्ड कप 2023, भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया

रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम को विश्व कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया ने ही हराया। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराया था।