विश्वास न्यूज: लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पहले सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया गया है कि कांग्रेस ने चीन के “डर” की वजह से अरुणाचल प्रदेश में एक भी उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है। साथ ही यह दावा किया गया है कि पूर्वोत्तर राज्य से शुरू होने के बावजूद राहुल गांधी की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” ने अरुणाचल प्रदेश से दूरी बनाकर रखी।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। कांग्रेस पार्टी ने अरुणचाल प्रदेश विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव दोनों के लिए अपने प्रत्याशियों को टिकट दिया है। यह दावा गलत है कि कांग्रेस पार्टी अरुणाचल प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ रही है। साथ ही यह दावा भी गलत है कि राहुल गांधी की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” अरुणाचल प्रदेश से नहीं गुजरी। असम से शुरू होने के बाद इस यात्रा का अगल पड़ाव अरुणाचल प्रदेश ही था।

क्या है दावा?

सोशल मीडिया यूजर ‘I HATE AAP PARTY’ ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए दावा किया है कि कांग्रेस पार्टी ने चीन के डर की वजह से अरुणाचल प्रदेश में अपने उम्मीदवार नहीं खड़े किए हैं।

Viral Post
Screengrab/FB

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इसे समान दावे के साथ शेयर किया है।

कैसे हुई पड़ताल?

चुनाव आयोग की अधिसूचना के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश की दोनों लोकसभा सीटों (अरुणाचल पश्चिम, अरुणाचल पूर्व) पर पहले चरण के तहत 19 अप्रैल 2024 को मतदान होगा।

हमने इन दोनों सीटों से चुनाव लड़े रहे प्रत्याशियों की सूची को चेक किया। चुनाव आयोग की वेबसाइट पर मौजूद सूची के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश (पूर्व) लोकसभा सीट से कुल 12 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें से 10 के नामांकन स्वीकार किए जा चुके हैं। इस सीट से कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार बोसीराम सिराम हैं। वहीं अरुणाचल प्रदेश (पश्चिम) लोकसभा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार नाबाम तुकी हैं।

लोकसभा चुनाव के साथ-साथ अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा के भी चुनाव हो रहे हैं। राज्य में विधानसभा की कुल 60 सीटें हैं। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कांग्रेस कुल 34 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। यानी यह दावा गलत और तथ्यों से परे है कि कांग्रेस चीन की वजह से अरुणाचल प्रदेश विधानसभा और लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ रही है।

वायरल पोस्ट में दूसरा दावा है कि पूर्वोत्तर से शुरू होने के बावजूद राहुल गांधी की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” अरुणाचल प्रदेश से नहीं गुजरी। सर्च में हमें ऐसी कई न्यूज रिपोर्ट्स मिली, जिसमें राहुल गांधी की यात्रा के अरुणाचल प्रदेश पहुंचने का जिक्र है।

20 जनवरी, 2024 को सीएनबीसी18.कॉम पर प्रकाशित खबर के मुताबिक, असम होते हुए राहुल गांधी की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” अरुणाचल प्रदेश पहुंची, जहां अरुणाचल प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नाबाम तुकी ने राहुल गांधी का स्वागत किया।

वायरल पोस्ट में किए गए दोनों ही दावे को लेकर हमने नाबाम तुकी से संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे को फेक बताते हुए कहा, “कांग्रेस अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा दोनों ही चुनाव लड़ रही है।”

निष्कर्ष: चीन की वजह से कांग्रेस पार्टी के अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का दावा गलत और चुनावी दुष्प्रचार है। कांग्रेस लोकसभा की दोनों सीट पर चुनाव लड़ रही है और कुल 60 सीटों वाले विधानसभा में कांग्रेस 34 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

यह फैक्‍ट-चेक मूल रूप से विश्वास न्यूज़ द्वारा क‍िया गया है। यहां इसे शक्ति कलेक्टिव के सदस्‍य के रूप में पेश क‍िया जा रहा है।