पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक महिला कॉलेज के निकट गोलीबारी के कारण मची अफरा-तफरी में आज कम-से-कम 12 लड़कियां घायल हो गयीं। यह घटना रावलपिंडी के सर सैयद चौक इलाके में स्थित गवर्नमेंट वकार-उन-निसा गर्ल्स कॉलेज के पास घटी। क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी फखर सुल्तान ने कहा कि पुलिस और कार चोरों के बीच मुठभेड़ हो गयी और गोलियों की आवाज सुनकर छात्राओं को लगा कि यह एक आतंकवादी हमला है। उन्होंने कहा ‘‘घटना का आतंकवाद से कोई लेना-देना नहीं है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।’’
एक अन्य अधिकारी ने कहा कि गोलीबारी के कारण लड़कियां सुरक्षित स्थान तलाश करने के लिए भागने लगी, जिनमें से कुछ लड़कियों ने भवन की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी जबकि कुछ लड़कियों ने कॉलेज की बाहरी दीवार से छलांग लगा दी। उन्होंने बताया ‘‘करीब एक दर्जन लड़कियों को चोट लगी है और उनका इलाज चल रहा है।’’ घटना के बाद कॉलेज को बंद कर दिया गया।
उत्तर पश्चिम पाकिस्तान के एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय पर 20 जनवरी को तालिबान द्वारा किये गये हमले में 21 लोगों की मौत हो गयी थी। मरने वालों में अधिकतर छात्र थे। इस घटना के बाद से ही सुरक्षा को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

