Diabetes: चिकित्सकों के अनुसार सेब खाना हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद है, भले ही आप मधुमेह (डायबिटीज) के रोगी हों। नियमित रूप से सेब का सेवन करने से शरीर में इंसुलिन की क्षमता बढ़ती है, जिससे ब्लड शुगर (रक्त शर्करा) का स्तर कम होता है।
अपोलो हॉस्पिटल्स की चीफ न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. प्रियंका रोहतगी कहती हैं, ‘सेब में भरपूर मात्रा में पॉलीफेनोल्स पाया जाता है, खासकर इसके उपरी परत में। इससे शरीर में अच्छी मात्रा में इंसुलिन रिलीज होता है, जो शरीर के सेल्स को शुगर को अब्जॉर्व करने में मदद करता है।
वह कहती हैं कि यदि आप ऐसे लोगों में से हैं, जो पोषक तत्वों के अनुसार खानपान को विभाजित करना पसंद करते हैं तो डाइट में हरे सेब का सेवन करें। हालांकि लाल सेब का स्वाद थोड़ा ज्यादा मीठा होता है लेकिन हरे सेब में कम चीनी, अधिक फाइबर और अधिक एंटीऑक्सिडेंट्स होते हैं। जो रक्त शर्करा के स्तर को भी कम करते हैं। उन्होंने बताया कि सेब का ग्लाइसेमिक इंडेक्स लगभग 39 होता है, जो कॉर्नफ्लेक्स से भी कम है।
ब्लड शुगर को नहीं बढ़ने देता है सेब
वहीं, जुपिटर अस्पताल, पुणे की सीनियर डाइटीशियन डॉ. स्वाति संधान के अनुसार एक मीडियम साइज के सेब में 27 ग्राम कार्ब्स होते हैं, लेकिन उनमें से 4.8 ग्राम फाइबर होता है। इससे आपके ब्लड शुगर का स्तर तेजी से नहीं बढ़ता है। इसके अलावा, सेब में पाई जाने वाली अधिकांश चीनी फ्रूक्टोज के रूप में होती है, जिसका पूरे फल के रूप में सेवन करने पर रक्त शर्करा के स्तर पर बहुत कम प्रभाव पड़ता है।
सेब के सेवन से इंसुलिन प्रतिरोध में होता है सुधार
सेब इंसुलिन प्रतिरोध में सुधार करता है। इंसुलिन एक हार्मोन है, जो आपके रक्त से शर्करा को आपकी कोशिकाओं तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सेब में मौजूद विशिष्ट फ्लेवोनोइड्स, जैसे क्वेरसेटिन, कार्ब पाचन को धीमा करके रक्त शर्करा के स्तर को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। क्लोरोजेनिक एसिड आपके शरीर को चीनी का अधिक कुशलता से अबजॉर्व पयोग करने में मदद कर सकता है जबकि फ्लोरिजिन रक्तप्रवाह में शर्करा के अवशोषण को धीमा कर सकता है।
क्या कहता है अध्ययन?
2019 में हुए एक अध्ययन में 339,383 प्रतिभागी शामिल हुए थे। विश्लेषण में पाया गया था कि सेब के सेवन से टाइप 2 मधुमेह का खतरा काफी कम हो सकता है। इसके अलावा मधुमेह से पीड़ित व्यक्ति को अपने ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने के लिए पूरे दिन के डाइट में फलों को जरूर शामिल करना चाहिए, ये काफी फायदेमंद है।