जब बात प्रोबायोटिक्स को डाइट में शामिल करने की आती है, तो सबसे पहले दही या योगर्ट खाने की सलाह दी जाती है। हालांकि, अधिकतर लोग दही और योगर्ट को एक ही समझते हैं। दोनों दिखने में एक जैसे लगते हैं और दोनों को ही दूध से तैयार किया जाता है। हालांकि, आपको बता दें कि दही और योगर्ट दोनों एक दूसरे से बिल्कुल अलग हैं। इनके स्वाद से लेकर बनाने का तरीका और इसमें मौजूद न्यूट्रिएंट्स में बेहद फर्क है। इस लेख में हम आपको इसी फर्क के बारे में बता रहे हैं। साथ ही बताएंगे की सेहत के लिहाज से दही या योगर्ट में किसका सेवन ज्यादा फायदेमंद है।

कैसे तैयार की जाती है दही?

दही सदियों से हमारी डाइट का अहम हिस्सा रही है, जिसे खाने के स्वाद बढ़ाने से लेकर सेहत के लिहाज से भी बेहद अच्छा माना जाता है। वहीं, बात इसे बनाने की करें तो इसके लिए किसी बर्तन में हल्के गरम दूध में खट्टा दही या नींबू मिलाकर ढककर रख दिया जाता है। इसके बाद करीब 5 से 7 घंटे में ये बनकर तैयार हो जाती है। यानी दही एकदम नेचुरल तरीके से तैयार की जाती है।

क्या है योगर्ट बनाने का तरीका?

अब बात योगर्ट की करें, तो इसे आर्टिफिशियल फर्मेंटेशन प्रोसेस से होकर गुजरना पड़ता है। साथ ही योगर्ट में फ्लेवर एड करने के लिए उसमें कई तरह के फल जैसे आम, स्ट्रॉबेरी, ब्लूबेरी, सेब, केला, चीकू, कीवी आदि को भी मिला दिया जाता है। इस तरह दही और योगर्ट पूरी तरह अलग हो जाते हैं।

सेहत के लिए क्या है ज्यादा बेहतर?

इसे लेकर आहार विशेषज्ञ रुचिता बत्रा ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किए गए एक पोस्ट में बताया है कि फ्लेवर वाले योगर्ट के मुकाबले दही का सेवन सेहत के लिहाज से ज्यादा फायदेमंद है। रुचिता बत्रा के मुताबिक, फ्लेवर वाले योगर्ट में चीनी की मात्रा ज्यादा पाई जाती है। इतना ही नहीं, इसके सेवन से शुगर की क्रेविंग और अधिक बढ़ जाती है, जिससे मोटापा, दिल की बीमारी और डायबिटीज सहित विभिन्न स्वास्थ्य स्थितियों के बढ़ने की संभावना रहती है।

इसके अलावा दही में योगर्ट के मुकाबले करीब दोगुना प्रेटीन पाया जाता है। साथ ही इसमें कैल्शियम की मात्रा भी ज्यादा होती है, जो आपकी हड्डियों और दांतों को मजबूती देने के साथ-साथ इम्यूनिटी को बूस्ट करने में भी मददगार हैं।

हालांकि, कुछ रिसर्च बताती हैं कि योगर्ट और दही दोनों में ही प्रोबायोटिक बैक्टीरिया मौजूद होता है लेकिन योगर्ट में दही के मुकाबले ज्यादा गुड बैक्टीरिया पाए जाते हैं। साथ ही योगर्ट के नियमित सेवन से ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल को सामान्य रखने में सहायक होती है। ऐसे में दोनों के सेवन से आपको अलग-अलग फायदे मिल सकते हैं। हालांकि, योगर्ट में मौजूद बैक्टीरिया दही के मुकाबले दूध में प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले लैक्टोज को ज्यादा अच्छे से तोड़ते हैं। लिहाजा योगर्ट लैक्टोज इनटॉलेरेंस वाले लोगों के लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।