बॉडी को एक्टिव रखना सेहत के लिए बेहद जरूरी है। बॉडी को एक्टिव रखने के लिए लोग जिस टूल का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं वो है वॉक। रोजाना वॉक करने से दिल की सेहत दुरुस्त रहती है, ब्लड सर्कुलेशन ठीक रहता है, मानसिक सेहत में सुधार होता है और एनर्जी का स्तर बढ़ता है। पाचन से जुड़ी परेशानियों को दूर करने में वॉक का बेहद अहम किरदार है। हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत करने के लिए वॉक करना बेहद जरूरी है। रोजाना अगर खाने के बाद वॉक की जाए तो नींद की क्वालिटी में सुधार होता है। रोजाना वॉक करने से वजन कंट्रोल रहता है।
दिल्ली के सीके बिड़ला अस्पताल में फिजियोथेरेपी विभाग के एचओडी डॉ. सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि हेल्थ को दुरुस्त करने के लिए रोजाना वॉक करना एक पावरफुल टूल है। अगर रोजाना 2 किलोमीटर चला जाए तो दिल से लेकर दिमाग तक हेल्दी रहता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि रोजाना वॉक करने से सेहत पर कौन-कौन सा असर दिखता है।
दिल और श्वसन संबंधी परेशानियां होती हैं दूर
रोजाना वॉक करने से दिल से जुड़ी और सांस से जुड़ी परेशानियों का खतरा कम होता है। वॉक करने से लंग्स हेल्दी रहते है और उनकी कार्यक्षमता में सुधार होता है जो सहनशक्ति को बढ़ाता है।
ब्लड प्रेशर होता है कंट्रोल
रोजाना अगर वॉक की जाए तो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल किया जा सकता है। ब्लड प्रेशर को नॉर्मल रख कर आप दिल के रोगों से बचाव कर सकते हैं और स्ट्रोक के खतरे को टाल सकते हैं।
ज्वाइंट रहते हैं लचीले
रोजाना वॉक करने से आपके मसल्स मजबूत होते हैं। चलने-फिरने से आपके जोड़ चिकने और गतिशील रह सकते है। रोजाना अगर 2 किलोमीटर चला जाए तो जोड़ों में फ्लेक्सिबिलिटी आती है और जोड़ों की स्टिफनेस कम होती है।
डायबिटीज रहती है कंट्रोल
रोजाना वॉक करने से बॉडी एक्टिव रहती है और ब्लड शुगर का स्तर भी नॉर्मल रहता है। रोजाना पूरे दिन में एक से दो किलोमीटर की वॉक करने से ब्लड में शुगर का स्तर नॉर्मल तरीके से कंट्रोल रहता है।
वजन रहता है कंट्रोल
रोजाना वॉक करने से वजन कंट्रोल रहता है। वॉक करने से तेजी से कैलोरी बर्न होती है और वजन कंट्रोल रहता है। अगर आप पेट से लेकर कमर और जांघों की चर्बी कम करना चाहते हैं तो रोजाना वॉक करें।
सही तरीके से वॉक नहीं किया जाए तो हो सकता है नुकसान
रोजाना तेज गति से चलने से बॉडी को फायदा होता है लेकिन अगर तेज गति से रोजाना चला जाए तो बॉडी को कई तरह से नुकसान भी पहुंच सकता है। ज्यादा तेज चलने से दिल की गति बढ़ सकती है। जिन लोगों का वजन मॉडरेट है अगर वो ज्यादा वॉक करते हैं तो उनका वजन तेजी से कम हो सकता है। अगर आप रोजाना वॉक करते हैं तो अपनी डाइट का ध्यान रखें। संतुलित डाइट का सेवन करें। डाइट में पोषक तत्वों को शामिल करें।