ऐंटिऑक्सिडेंट्स शरीर में मौजूद फ्री रेडिकल्स को कम करते हैं। दरअसल, फ्री रेडिकल्स उम्र बढ़ने और कई बीमारियों का कारण बनते हैं। ऐसे में ऐंटिऑक्सिडेंट्स शरीर की कोशिकाओं, त्वचा और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं, जिससे स्वास्थ्य बेहतर बना रहता है। वहीं, कई लोग ऐंटिऑक्सिडेंट्स के लिए अनार खाना पसंद करते हैं।

वहीं, मार्केट में कई ऐसे फूड्स हैं, जिनमें अनार से कहीं ज्यादा ऐंटिऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं। यहां हम आपके लिए 7 ऐसे फूड्स के बारे में बता रहे हैं, जिनका आप सेवन कर सकते हैं। ये दिल, दिमाग, स्किन और इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने में भी मदद करेंगे।

ब्लूबेरी: Blueberries

ब्लूबेरी को ऐंटिऑक्सिडेंट्स का पावरहाउस कहा जाता है। इनमें एंथोसाइनिन्स नामक एक यौगिक होता है, जो सूजन को कम करने में मदद करता है। यह हार्ट डिजीज के खतरे को भी घटाता है। नियमित तौर पर इसके सेवन से स्ट्रेस भी कम होता है।

ब्लैकबेरी: Blackberry

ब्लैकबेरी में एंथोसाइनिन्स, एलैजिक एसिड और विटामिन C जैसे कई ऐंटिऑक्सिडेंट्स होते हैं, जो इम्यून सिस्टम और स्किन के लिए फायदेमंद हैं। ये बॉडी में मौजूद फ्री रेडिकल्स को भी कम करते हैं। वहीं, कई शोधों में यह भी पाया गया है कि ब्लैकबेरी में कुल ऐंटिऑक्सिडेंट्स की मात्रा ब्लूबेरी से भी ज्यादा हो सकती है।

ग्रीन टी: Green Tea

ग्रीन टी में कई ऐसे ऐंटिऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं, जो शरीर की सूजन को कम करते हैं। खासकर इसमें कैटेचिन्स नामक तत्व पाया जाता है, जो दिमाग की कोशिकाओं को बचाता है और फैट बर्निंग में मदद करता है। यह मेटाबॉलिज्म और ब्रेन हेल्थ के लिए काफी बेहतर होता है। आप इसका सेवन रोज कर सकते हैं।

राजमा: Rajma

राजमा में भी काफी मात्रा में हेल्दी ऐंटिऑक्सिडेंट्स होते हैं। यह काफी सस्ता भी होता है। राजमा शरीर को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाता है, साथ ही ब्लड शुगर को भी बेहतर करता है। इसके सेवन से हार्ट हेल्थ बेहतर बनी रहती है। इसमें भरपूर फाइबर और प्रोटीन भी होता है।

डार्क चॉकलेट: Dark Chocolate

डार्क चॉकलेट में भरपूर मात्रा में ऐंटिऑक्सिडेंट्स होते हैं, जो ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाने और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में मदद करते हैं। यह खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाती है।

अखरोट

अखरोट में कई तरह के ऐंटिऑक्सिडेंट्स पाए जाते हैं। खासकर इसमें पॉलीफिनॉल्स और विटामिन E होता है, जो शरीर में मौजूद फैट्स को ऑक्सीडेशन से बचाते हैं। इसके अलावा, अखरोट ओमेगा-3 फैटी एसिड्स से भरपूर होते हैं, जो इंफ्लेमेशन को कम करते हैं। इसके सेवन से दिमाग तेज होता है।

गोजी बेरी: Goji Berry

गोजी बेरी अपने चमकदार नारंगी-लाल रंग के कारण जानी जाती है। इसमें जियाजैंथिन और बीटा-कैरोटीन नामक ऐंटिऑक्सिडेंट्स होते हैं, जो आंखों और त्वचा के लिए लाभदायक हैं। इनमें विटामिन C और पॉलिसैकराइड्स होते हैं, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं।