रजोनिवृत्ति यानी मेनोपॉज हर महिला के जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ होता है। मेनोपॉज के दौरान गर्मी लगना, रात में पसीना आना और मूड स्विंग होना आम बात हो सकती है, लेकिन एक महिला इनसे कैसे निपटती हैं, इससे बहुत फर्क पड़ता है। अक्सर देखा गया है कि महिलाओं की सेहत मेनोपॉज यानी रजोनिवृत्ति के बाद नजरअंदाज कर दी जाती है। थकान, अनिद्रा, हड्डियों का कमजोर होना या मूड स्विंग जैसी समस्याओं को सिर्फ बढ़ती उम्र मानकर टाल दिया जाता है, लेकिन सच ये है कि मेनोपॉज के बाद महिलाओं को सही पोषण की पहले से ज्यादा जरूरत होती है।

पब्लिक हेल्थ न्यूट्रिशनिस्ट और डायबिटीज एजुकेटर दीपशिखा जैन के मुताबिक, मेनोपॉज के स्टेज पर शरीर में हार्मोनल बदलाव तेजी से होते हैं, जिससे हड्डियां कमजोर, खून की कमी यानी एनीमिया, हार्मोनल असंतुलन और नींद की दिक्कतें आम हो जाती हैं। ऐसे में डाइट में कुछ खास सुपरफूड्स शामिल कर लिए जाएं, तो कई समस्याओं से बचा जा सकता है। चलिए आपको बताते हैं ऐसे 4 जरूरी सुपरफूड्स, जिन्हें हम महिला को अपनी थाली में जरूर शामिल करना चाहिए।

अलसी के बीज

मेनोपॉज के बाद हार्मोनल असंतुलन महिलाओं की सबसे बड़ी समस्या बन जाती है। इसके चलते हॉट फ्लैश, मूड स्विंग, पसीना आना और बेचैनी जैसी परेशानियां सामने आती हैं। ऐसे में अलसी के बीज खाना महिलाओं के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। अलसी के बीज में फाइटोएस्ट्रोजन पाया जाता है, जो हार्मोन को संतुलित करने का काम करता है। इसके नियमित सेवन से मेनोपॉज के लक्षण हल्के हो जाते हैं।

रागी

मेनोपॉज के बाद कैल्शियम की कमी और ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा तेजी से बढ़ता है। ऐसे में हड्डियों और जोड़ो की मजबूती के लिए रागी का सेवन करना चाहिए। रागी में दूध से भी ज्यादा कैल्शियम होता है। यह जोड़ों के दर्द, हड्डियों की कमजोरी और ऑस्टियोपोरोसिस को रोकने में मदद करता है। इसमें पाया जाने वाला आयरन और फाइबर महिलाओं की डाइजेशन और ब्लड हेल्थ दोनों को सपोर्ट करता है।

डार्क चॉकलेट

अक्सर, मेनोपॉज के बाद महिलाएं चिड़चिड़ापन, डिप्रेशन और अनिद्रा जैसी समस्याओं का सामना करती हैं। ऐसी स्थिति में खुश रहने और अच्छी नींद के लिए डार्क चॉकलेट का सेवन लाभकारी हो सकता है। डार्क चॉकलेट में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स ब्रेन सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं। इसमें पाए जाने वाले नेचुरल केमिकल्स एंडोर्फिन रिलीज करते हैं, जिससे मूड अच्छा होता है। इसमें मौजूद मैग्नीशियम नींद की क्वालिटी सुधारता है और बेचैनी कम करता है।

चुकंदर और खजूर

मेनोपॉज के बाद महिलाओं में खून की कमी यानी एनीमिया आम हो जाता है, क्योंकि शरीर में आयरन की कमी हो जाती है। एनीमिया से बचाव के लिए महिलाओं को चुकंदर और खजूर का सेवन करना चाहिए। चुकंदर और खजूर दोनों ही आयरन से भरपूर होते हैं। इनके नियमित सेवन से हीमोग्लोबिन लेवल बढ़ता है और थकान, कमजोरी दूर होती है।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।