अक्टूबर का महीना अब खत्म होने को है। इसके साथ ही सर्दियों के मौसम ने धीरे-धीरे दस्तक देना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम सर्द हवाओं का चलन भी शुरू हो गया है। वहीं, वैसे तो सर्दी का मौसम अधिकतर लोगों के मन को भाता है। हालांकि, इस मौसम में लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। इन्हीं परेशानियों में से एक है हाथ और पैरों की उंगलियों में सूजन।
ठंड के मौसम में अधिकतर लोगों के हाथ और पैरों की उंगलियों में सूजन बढ़ जाती है, इसके साथ ही उंगलियां धीरे-धीरे नीली पड़ने लगती हैं। ये दिखने में तो भद्दी लगती ही हैं, साथ ही कई बार पीड़ित को इनमें असहनीय दर्द या तेज खुजली का सामना भी करना पड़ता है। वहीं, अगर आप भी इस तरह की परेशानी का सामना करते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है।
इस लेख में हम आपको इस तरह की परेशानी से निजात पाने के लिए कुछ असरदार घरेलू नुस्खों के बारे में बता रहे हैं। इससे पहले जान लेते हैं कि आखिर ठंड के मौसम में हाथ और पैर की उंगलियों में सूजन क्यों बढ़ जाती है-
क्या है कारण?
सर्दियों में दरअसल अधिक ठंड के प्रभाव से शरीर की कुछ नसें सिकुड़ने लगती हैं। इसका असर ब्लड सर्कुलेशन पर पड़ता है, जिससे हाथ-पैरों की उंगलियों में खून के थक्के जमने लगते हैं। इससे पहले उस हिस्से पर लालिमा के साथ सूजन आ जाती है और फिर धीरे-धीरे ये सूजन अधिक बढ़ने लगती है।
कैसे पाएं छुटकारा?
गुनगुने पानी में नमक
उंगलियों में हल्की सूजन होने पर आधी बाल्टी गुनगुने पानी में 2 चम्मच नमक डालें और पैरों को करीब 10 मिनट तक इसमें डुबोकर रखें। नमक इंफेक्शन को दूर करने में मदद करता है और सूजन को भी कम करता है। साथ ही गुनगुने पानी से सिकाई करने से ब्लड सर्कुलेशन भी अच्छा होता है। इससे खून जमता नहीं है और इस तरह ये इस समस्या से राहत दिलाने में असरदार हो सकता है।
लहसुन का तेल
चार से पांच लहसुन की कली लें और इन्हें सरसों के तेल में गर्म कर लें। इसके बाद तेल जब हल्का गर्म रह जाए, तब इससे हाथों पर पैरों की मसाज करें। ये भी आपकों उंगलियों में सूजन की समस्या से निजात दिलाने का काम करेगा। लहसुन में मौजूद एंटीइंफ्लेमेटरी गुण दर्द और सूजन को कम करने में असरदार हैं।
कपूर
इन सब के अलावा नारियल के तेल को हल्का गर्म कर उसमें कपूर के कुछ टुकड़े डाल लें। इसके बाद जब तेल हल्का गुनगुना रहे, तब उससे उंगलियों पर हल्के हाथ से मसाज करें, ये भी सूजन को कम कर दर्द से आराम पाने में आपकी मदद करेगा।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
