प्रोटीन हमारी बॉडी के लिए सबसे जरूरी न्यूट्रिशन में से एक है। ये एक माइक्रोन्यूट्रिएंट होता है, जो अमीनो एसिड से मिलकर बनता है। प्रोटीन मांसपेशियों की ग्रोथ से लेकर हार्मोन रेगुलेट को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाता है। इसके अलावा ये मेटाबॉलिज्म को बूस्ट कर पाचन को बढ़ावा देने में भी मददगार है। ऐसे में शरीर में इस जरूरी माइक्रोन्यूट्रिएंट की कमी के चलते व्यक्ति को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसी कड़ी में इस लेख में हम आपको कुछ लक्षणों के बारे में बता रहे हैं, जो बॉडी में प्रोटीन की कमी की ओर इशारा करते हैं, साथ ही जानेंगे कि उम्र के हिसाब से किसी भी शख्स को एक दिन में कितनी मात्रा में प्रोटीन की जरूरत होती है।
इन लक्षणों को ना करें नजरअंदाज
बार-बार बीमार पड़ जाना
कई बार बीमार पड़ने पर हम तमाम तरह की दवाएं और घरेलू नुस्खे आजमाकर देखते हैं, बावजूद इसके रिकवर नहीं हो पाते हैं। अगर आप भी इस तरह की स्थिति से गुजर रहे हैं, खासकर वायरल संक्रमण आपको अपनी चपेट में जल्दी ले लेता है, तो बता दें कि इसके पीछे आपकी बॉडी में प्रोटीन की कमी भी एक कारण हो सकता है। दरअसल, इम्यून सिस्टम के लिए प्रोटीन को काफी जरूरी माना जाता है। ऐसे में शरीर में प्रोटीन की कमी के चलते रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने लगती है। इससे आप मौसमी बीमारियों की चपेट में जल्दी आ जाते हैं। खासकर शाकाहारी लोगों को प्रोटीन की कमी और इस तरह की परेशानी का अधिक सामना करना पड़ता है।
हाथ-पैरों में सूजन
अगर आपको बिना किसी वजह हाथ-पैर में सूजन का सामना करना पड़ रहा है, तो ये भी प्रोटीन की कमी कि ओर इशारा हो सकता है। इस तरह कि स्थिति को एडीमा कहा जाता है। एडीमा से पीड़ित लोगों के शरीर में द्रव का निर्माण होने लगता है, जिससे खासकर पैरों के टखनों में पानी भरने जैसा महसूस होता है। इसके अलावा पीड़ित को तेजी से वजन बढ़ना या कई बार बिना वजन सांस लेने में कठिनाई होना जैसी समस्याओं से जूझना पड़ सकता है।
मरास्मस
मरास्मस प्रोटीन की कमी से होने वाला कुपोषण का एक गंभीर रूप है। इसमें आपका बॉडी वेट अचानक कम होने लगता है, मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं और शरीर किसी ढांचे की तरह नजर आने लगता है। इसके अलावा पीड़ित को हर वक्त बहुत अधिक थकान, कमजोरी और मांसपेशियों में दर्द जैसी परेशानियां घेरे रखती हैं।
कमजोर हड्डियां
प्रोटीन की कमी आपकी हड्डियों को भी कमजोर बना सकती है, जिससे इनमें दर्द बढ़ने लगता है। इसके साथ ही प्रोटीन की सही मात्रा न होने पर नाखून भी अधिक पतले होकर टूटने लगते हैं।
बालों का अधिक झड़ना
अगर बालों पर बिना किसी केमिकल का इस्तेमाल करने के बाद भी वे बेजान होकर टूट रहे हैं, तो ऐसा भी प्रोटीन की कमी के कारण हो सकता है। इतना ही नहीं, ये कमी बढ़ने पर स्कैल्प पर पैच नजर आने लगते हैं और बाल अधिक हल्के या पतले दिखने लगते हैं। ऐसे में इस तरह के लक्षण नजर आने पर एक बार बॉडी में प्रोटीन लेवल की जांच जरूर करा लें।
एक दिन में कितना प्रोटीन है जरूरी?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शिशुओं को एक दिन में लगभग 10 ग्राम की जरूरत होती है। इसके अलावा, स्कूली जाने वाले बच्चों (लड़का-लड़की दोनों) को 19-34 ग्राम, किशोर लड़कों को 52 ग्राम, किशोर लड़कियों को 46 ग्राम, वयस्क पुरुषों को करीब 56 ग्राम, वयस्क महिलाओं को 46 ग्राम और गर्भवती या स्तनपान कराने वाली महिलाओं को एक दिन में 71 ग्राम प्रोटीन लेना चाहिए।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।