करवा चौथ के त्योहार में अब बस कुछ ही घंटे बाकी हैं। इस साल ये त्योहार 1 नवंबर को मनाया जाएगा। ऐसे में व्रत के दिन क्या पहनना है, कैसा हेयर स्टाइल आपके आउटफिट पर जचने वाला है, एक दिन पहले क्या खाएं, सरगी की थाली में किन चीजों को शामिल करें, इसे लेकर महिलाओं ने लगभग हर तैयारी पूरी कर ली है, लेकिन व्रत के बाद अपना ख्याल कैसे रखना है, यहां वे अक्सर चूक जाती हैं।
गौरतलब है कि करवा चौथ के दिन सुहागिन महिलाओं द्वारा अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत करने की परंपरा है। इस परंपरा के तहत महिलाएं सूर्योदय से लेकर चांद दिखने तक ना तो कुछ खाती हैं और ना ही पानी का एक घूंट भी पीती हैं। चांद का दीदार कर पूजा-अर्चना के बाद वे पहले पानी के साथ अपना व्रत खोलती हैं और इसके बाद ही कुछ खाती-पीती हैं, लेकिन यहां भी क्या खाना है, इस बात को ध्यान में रखना बेहद जरूरी हो जाता है। दरअसल, दिनभर भूखा रहने के बाद कुछ खास फूड का एकदम सेवन करने से सेहत को कई तरह से नुकसान पहुंच सकता है। ये पेट में तेज दर्द, ऐंठन, एसिडिटी, सीने में जलन आदि परेशानियों का कारण बन सकते हैं। इस लेख में हम आपको कुछ ऐसे ही फूड के बारे में बता रहे हैं, साथ ही जानेंगे फास्ट के बाद क्या खाना आपके लिए बेस्ट रहने वाला है।
क्या खाएं और क्या नहीं
अधिक पानी
चूंकि इस व्रत के दौरान पानी भी ना पीने का नियम है, ऐसे में दिनभर प्यासा रहने के बाद व्रत खोलने पर महिलाएं एक साथ खूब सारा पानी पी लेती हैं। इससे चक्कर आना या उल्टी-मतली की परेशानी हो सकती है। इनसे बचने के लिए आप पहले एक-दो घूंट पानी से व्रत खोल लें और इसके बाद नारियल पानी का सेवन करें। ये आपकी प्यास को भी शांत करेगा, साथ ही आपको अधिक एनर्जी देने में मदद करेगा।
चाय या कॉफी
व्रत खोलने के तुरंत बाद अगर आप एनर्जी के लिए चाय या कॉफी का सेवन करती हैं, तो इससे गैस और एसिडिटी की समस्या होना आम बात है। चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन पेट में गैस बनता है, इससे आपको पाचन से जुड़ी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। खाली पेट चाय पीने से हाइपर एसिडिटी और अल्सर का खतरा भी होता है। वहीं, अगर आप हाई ब्लड प्रेशर की मरीज हैं, तो खासकर चाय पीने से बचें। इससे अलग इंस्टेंट एनर्जी के लिए के लिए आप ताजा पुदीने की पत्तियों को नींबू पानी में मिलाकर पी सकती हैं। ये आपको तुरंत तरोताजा फील कराएगा।
फल
व्रत खोलने के बाद आप फलों का सेवन कर सकती हैं, लेकिन खट्टे फल जैसे संतरा, अंगूर और नींबू को खाने से बचें। खाली पेट इस तरह के फल भी एसिडिटी का कारण बन सकते हैं। इन फलों की जगह आप चीकू, तरबूज या खरबूजा जैसे फल खा सकती हैं। ये पेट के लिए आरामदायक होते हैं।
तला-भुना और अधिक मीठा भोजन
व्रत खोलने के पर तली-भुनी और मीठी चीजें जैसे पकौड़ी, कचौड़ी, हलवा, मिठाई आदि कैलोरी से भरपूर भोजन से पूरी तरह से बचना चाहिए। यह पेट में सूजन की समस्याएं पैदा कर सकते हैं। इससे अलग अधिक भूख लगने पर आप मूंग की दाल का चीला, खिचड़ी, वेजिटेबल सूप जैसा हल्का भोजन कर सकती हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।