Apple Benefits: क्या रोज एक सेब खाने से सच में डॉक्टर दूर रहते हैं? अक्सर हमें लोगों से ये सलाह मिलती है कि रोजाना एक सेब खाएं और बीमारियों को दूर भगाएं। सेब एक ऐसा फल है जिसे दुनियाभर में खाया जाता है। इस फल को स्टोर करना, उसे ट्रांसपोर्ट करना असान है। गुणों से भरपूर इस फल का रोजाना सेवन करने से ना सिर्फ मोटापा को कंट्रोल किया जा सकता है बल्कि कई बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है। लाल सुर्ख सेब का सेवन ना सिर्फ डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद है बल्कि इससे ब्लड प्रेशर भी कंट्रोल रहता है।
सेब एक ऐसा कॉमन फ्रूट है जिसमें भरपूर पोषक तत्व मौजूद होते हैं। एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट केयर के संस्थापक डॉ. बिमल छाजेर ( Dr. Bimal Chhajer) अपने एक वीडियो में कहते हैं कि 100 ग्राम सेब में कैलोरी- 52,पानी- 86%, प्रोटीन- 0.3 ग्राम, कार्बोहाइड्रेट- 13.8 ग्राम, शुगर- 10.4 ग्राम, फाइबर- 2.4 ग्राम, फैट- 0.2 ग्राम होता है जो बॉडी को हेल्दी रखता है।
एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर सेब दिल के रोगों से भी बचाव करता है। इतना ही नहीं सेब का सेवन कैंसर जैसी बीमारियों और अस्थमा से भी बचाव करता है। रोजाना एक सेब का सेवन करके आप कई बीमारियों से बचाव कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि सेब का सेवन करने से सर्दी में कौन-कौन से फायदे पहुंचते हैं। एक्सपर्ट से जानते हैं कि सेब का सेवन छिलकों के साथ करें या छीलकर करें।
दिल के रोगों से बचाव होता है: (Cardiovascular disease)
जानवरों पर की गई रिसर्च में ये बात सामने आई है कि सेब के छिलके में मौजूद पेक्टिन फाइबर के साथ मिलकर दिल के रोगों और ब्लड वैसल्स में मुक्त कणों से होने वाले नुकसान से बचाने में मददगार है। सेब का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और दिल के रोगों का खतरा कम होता है।
पाचन को दुरुस्त करता है: (Improves digestion)
सर्दी में सबसे ज्यादा लोग कब्ज से परेशान रहते हैं। इस मौसम में हम पानी का सेवन कम करते हैं जिससे बॉडी में पानी की कमी होने लगती है और कब्ज की परेशानी बढ़ने लगती है। फाइबर से भरपूर सेब का सेवन करने से कब्ज से निजात मिलती है और पाचन दुरुस्त रहता है। सेब में मौजूद घुलनशील फाइबर पाचन को दुरुस्त करते हैं। सेब में मौजूद पैक्टिन आंतों से पानी को अवशोषित करता है और पाचन को धीमा करता है और स्टूल को लूज करता है। रोजाना सर्दी में सेब का सेवन कब्ज का उपचार होता है।
डायबिटीज के जोखिम को कम करता है: (Lowers the risk of diabetes)
सेब में मौजूद हाई पॉलीफेनोल्स मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है और ब्लड फ्लो में ग्लूकोज की मात्रा को कम करने में मदद करता हैं। रोजाना सेब का सेवन करने से डायबिटीज के जोखिम से बचा जा सकता है। जिन लोगों की शुगर हाई रहती है वो सेब का सेवन कर सकते हैं।
अस्थमा का उपचार करता है: (Treats Asthma)
सर्दी में अस्थमा के मरीजों को ज्यादा परेशानी होती है। सेब का सेवन अस्थमा और साइनस के मरीजों के लिए बेहद असरदार साबित होता है। सेब में कोर्टेसीन मौजूद होता है जो अस्थमा के मरीजों को बेहद फायदा पहुंचाता है।
सेब का सेवन छीलकर करें या छिलके के साथ: (Consume apple peeled or with peel)
एक्सपर्ट के मुताबिक सेब का सेबन उसके छिलकों के साथ करना चाहिए। सेब के छिलके के अंदर कई ऐसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं जो कई बीमारियों का उपचार कर सकते हैं। डॉ. बिमल छाजेर के मुताबिक सेब का सेवन हमेशा छिलके के साथ करना चाहिए।