अच्छी सेहत के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बेहद जरूरी है। ये बात अधिकतर लोग जानते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि दिनभर में कुछ खास समय में पानी पीना सेहत के लिए और भी अधिक फायदेमंद हो सकता है? इतना ही नहीं, कुछ खास समय पर पानी पीकर आप अपनी दिल की सेहत का ख्याल भी रख सकते हैं।

अगर आप हार्ट पैशेंट हैं, तो यहां हम आपको अपनी सेहत का ख्याल रखने के लिए पानी पीने का बेस्ट टाइम बता रहे हैं। इससे अलग जानेंगे कि ओवरऑल हेल्थ के लिए भी कब-कब पानी पीना जरूरी है-

दिल की अच्छी सेहत के लिए कब-कब पिएं पानी?

सुबह सोकर उठने के बाद

सुबह उठकर सबसे पहले पानी पीना हाई बीपी के मरीजों के लिए बेहद फायदेमंद हो सकता है। सुबह-सुबह हल्का गुनगुना पानी पीने से ब्लड वेसल्स के माध्यम से सुचारू प्रवाह होता है और हृदय पर दबाव कम होता है। इस तरह आपका बीपी अधिक बढ़ता नहीं है। ऐसे में हार्ट के मरीजों के लिए सुबह पानी पीना अच्छा हो सकता है।

नहाने से पहले

कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि हार्ट के मरीजों के लिए नहाने से पहले हल्का गुनगुना पानी पीना फायदेमंद हो सकता है। खासकर अगर आप ठंडे पानी से नहा रहे हैं तो इससे पहले हल्का गुनगुना या नॉर्मल पानी पीने की सलाह दी जाती है।

दरअसल, विशेषज्ञों के अनुसार, अचानक ठंडे पानी के संपर्क में आना हार्ट पेशेंट्स के लिए खतरनाक हो सकता है। इससे हृदय ताल (heart rhythm) में अनियमितता हो सकती है। अचानक ठंडे पानी के संपर्क में आने से शरीर को शॉक मिल सकता है, जिससे रक्त वाहिकाएं सिकुड़ जाती हैं, रक्त का प्रवाह धीमा हो सकता है। ऐसे में इसकी भरपाई के लिए आपका दिल तेजी से धड़कना शुरू कर देगा। आसान भाषा में कहें तो ऐसी स्थिति में हाई ब्लड प्रेशर का खतरा बढ़ जाता है।

ऐसे में रक्तचाप यानी ब्लड प्रेशर को कम करने के लिए एक्सपर्ट्स नहाने से पहले हल्का गुनगुना पानी पीने की सलाह देते हैं। इससे आपका बॉडी टेंपरेचर मेंटेन रहता है।

सोने से पहले

इसके अलावा सोने से पहले एक गिलास नॉर्मल या हल्के गुनगुने पानी का सेवन भी दिल के मरीजों के लिए फायदेमंद हो सकता है। ऐसा करने पर रक्त परिसंचरण में सुधार हो सकता है। साथ ही सोने से पहले पानी पीने से रात भर हाइड्रेटेड रहने और शरीर से विषाक्त पदार्थों से छुटकारा पाने में भी मदद मिल सकती है।

इन समय पर पानी पीना भी है जरूरी

खाने से पहले

आप खाने से आधे घंटे पहले पानी पी सकते हैं। इससे बेहतर पाचन में मदद मिलती है। खासकर अगर आपको ब्लोटिंग की समस्या होती है, तो खाने से 30 मिनट पहले पानी जरूर पिएं। इससे आपका पाचन बेहतर रहेगा, साथ ही ऐसा करने से वेट लॉस में भी मदद मिल सकती है।

वर्कआउट के बाद

इन सब से अलग एक्सपर्ट्स वर्कआउट के बाद पानी पीने की सलाह देते हैं। इससे हृदय गति को सामान्य करने में मदद मिल सकती है, साथ ही वर्कआउट के दौरान अधिक पसीना आता है, जिससे शरीर में इलेक्ट्रोलाइट कम हो सकते हैं या बॉडी डिहाइड्रेट हो सकती है। ऐसे में पानी पीना जरूरी हो जाता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।