बढ़ती बीमारियों के बीच लोग अपनी सेहत पर अधिक ध्यान देने लगे हैं। इसमें भी खासकर डाइट पर सबसे अधिक गौर किया जाता है। हालांकि, कई बार जानकारी के अभाव में हम कुछ ऐसा कर बैठते हैं, जो फायदे की जगह सेहत के लिए खतरा बन जाता है। उदाहरण के लिए आज के समय में खुद को सेहतमंद रखने के लिए अधिकतर लोग दिन की शुरुआत जूस के साथ करते हैं। हो सकता है आप भी इन्हीं लोगों में से एक हों। हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो आपकी ये आदत फायदा पहुंचने से बजाय उल्टा आपके लिए खतरे की वजह बन सकती है।

दरअसल, हाल ही में पोषण विशेषज्ञ लवनीत बत्रा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में वे बताती हैं कि दिन की शुरुआत चाय-कॉफी या फलों के जूस से करने से आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है। आइए जानते हैं कैसे-

कैसे हानिकारक है चाय-कॉफी?

लवनीत बत्रा के मुताबिक, चाय और कॉफी में कैफीन मौजूद होता है। वहीं, ब्रिटिश जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि सुबह के समय कैफीन का थोड़ी मात्रा में सेवन भी आपके ब्लड शुगर लेवल को 50 प्रितिशत तक बढ़ा सकता है, जो सीधे तौर पर बेहद नुकसानदायक है। ऐसे में खासकर खाली पेट इनके सेवन से बचे। वहीं, अगर आप मधुमेह से पीड़ित हैं, तो भूलकर भी सुबह के समय चाय या कॉफी का सेवन न करें।

कैसे नुकसान पहुंचाता है जूस?

वहीं, जूस को लेकर जानकारी देते हुए लवनीत बत्रा बताती हैं कि फलों का रस निकालने पर उनमें मौजूद फाइबर नष्ट हो जाता है, साथ ही इसे बनाने में अलग से डाली गई चीनी यहां तक की ताजे निचोड़े हुए फलों की शर्करा भी आपके ब्लड शुगर के स्तर को खराब कर सकती है। ऐसे में खाली पेट जूस का सेवन करने से भी बचें।

क्या है सही विकल्प?

  • न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक, चाय-कॉफी या जूस से अलग कोशिश करें कि आप सुबह उठने के बाद सबसे पहले गर्म पानी पीकर अपने दिन की शुरुआत करें।
  • इसके बाद आप रात भर भीगे हुए नट्स का सेवन कर सकते हैं।
  • नाश्ते में सही मात्रा में स्प्राउट्स का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है।
  • आप उबले हुए अंडे, ताजी सब्जियों या दाल का चीला खा सकते हैं।
  • दूध के साथ स्टील कट ओट्स आपको फायदा पहुंचा सकता है।
  • इन सब के अलाव नाश्ते में आप और भी कई प्रोटीन और फाइबर से भरपूर चीजों का सेवन कर सकते हैं। इस तरह आप सही तरीके से अपनी सेहत का ख्याल रख पाएंगे।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।