Sushant Singh Rajput: सुशांत सिंह राजपूत मामले में एक के बाद एक खुलासे हो रहे हैं। अब सुशांत सिंह राजपूत के बैंक स्टेटमेंट के हवाले से दावा किया जा रहा है कि किस तरह रिया के साथ-साथ उनके भाई पर भी सुशांत के खाते से लाखों रुपये खर्च हुए थे। रिपब्लिक की एक रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत सिंह की मौत से पहले रिया चक्रवर्ती ने कई जगह उनके पैसे खर्च किये। जिन चीजों पर ये पैसे खर्च किए गए, उनमें होटल-फ्लाइट बुकिंग से लेकर मेकअप और शॉपिंग आदि शामिल हैं। आपको बता दें कि रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद बिहार पुलिस की नजर अभिनेता के बैंक अकाउंट पर है। सुशांत के अकाउंट की डिटेल्स खंगाली जा रही है।
रिया ने अपने भाई के लिए प्लेन टिकट कराया: रिपोर्ट के मुताबिक सुशांत के बैंक स्टेटमेंट से जाहिर होता है कि रिया ने 81, 000 रुपए सुशांत के अकाउंट से विथड्रॉ किये थे। ये पैसे साल 2019 में अक्टूबर के महीने में रिया और उनके भाई की प्लेन टिकट के लिए निकले थे। साथ ही उस वक्त उनके साथ दो और लोग थे।
महंगे होटल का खर्चा: सुशांत ने न सिर्फ रिया के भाई की फ्लाइट टिकट कराई बल्कि उसका मुंबई के एक होटल में रहने का खर्च भी उठाया। मुंबई के ताज होटल (Taj Hotel) में रिया का भाई शॉविक ठहरा था। उस वक्त सुशांत ने 4,72,975 का बिल चुकाया था। यह ट्रांजेक्शन भी सुशांत के अकाउंट स्टेटमेंट में मेंशन है।
‘जारा’ से की गई हजारों रुपए की शॉपिंग: रिया ने सुशांत के पर्सनल आकाउंट से 35000 रुपए जारा से शॉपिंग करने के लिए निकाले थे। इसके अलावा 5 लाख रुपए और निकाले गए थे।
हेयर स्टाइल और मेकअप पर भी खर्च: रिया ने अपनेपर्सनल
खर्च भी सुशांत सिंह राजपूत के अकाउंट से ही जोड़े। अपने हेयर और मेकअप सामान के लिए सुशांत के अकाउंट से 40,000 रुपए निकाले। इसके अलावा पर्सनल सामान के लिए रिया ने सुशांत के अकाउंट से 1 लाख रुपए निकाले।
सुशांत के ही अकाउंट से निकाला भाई की ट्यूशन फीस का खर्च: शॉविक का मुंबई आने से लेकर रहने के अलावा उसकी ट्यूशन फीस का खर्च भी सुशांत सिंह ने उठाया। स्टेटमेंट से जाहिर होता है कि रिया के भाई की पढ़ाई का खर्च भी सुशांत सिंह उठा रहे थे।
आपको बता दें कि सुशांत के परिवार ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ जो एफआईआर दर्ज कराई है, उसमें पैसे ऐंठने का भी जिक्र है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सुशांत के खाते से कई जगह ट्रांजेक्शन हुए, जिनका सुशांत से कोई लेना-देना नहीं था। सुशांत के पिता केके सिंह ने अपनी कंप्लेंट में रिया के खिलाफ सुशांत से धोखाधड़ी करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप भी लगाया है।