जयनारायण प्रसाद

इसे कहते हैं समय-समय का फेर! हिंदी सिनेमा के कलाकारों की जिंदगी को भी कोरोना विषाणु ने प्रभावित किया है। पूरी फिल्म इंडस्ट्री ठप है और जो जहां है वहीं कैद हैं। ऐसी फिल्मी हस्तियों में जाने-माने गायक सोनू निगम, अभिनेता संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त, अभिनेत्री साना सईद, मोह-मोह के धागे…फेम गायिका मोनाली ठाकुर और अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता शामिल हैं। ये सभी विदेश में हैं और भारत कब तक आएंगे, ये इन्हें भी नहीं मालूम।

छह मार्च को सोनू निगम का मुंबई में एक म्यूजिकल कंसर्ट था। लॉकडाउन की वजह से यह टल गया, तो सोनू और उनकी पत्नी मधुरिमा ने तय किया कि दुबई चला जाए। दुबई में उसका बेटा निवान पढ़ता है। लेकिन वहां जाने के बाद लॉकडाउन हो गया। अब वे दुबई में अपने दोस्त के घर में रह रहे हैं और ऑनलाइन म्यूजिकल कंसर्ट कर रहे हैं। इस काम में पत्नी मधुरिमा और बेटा निवान साथ दे रहे हैं। भारत आने के लिए उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना होगा।

अभिनेता संजय दत्त की पत्नी मान्यता दत्त अपने जुड़वां बच्चों के साथ मार्च के शुरू में दुबई पहुंची थीं। मान्यता लॉकडाउन खत्म होने का बेसब्री से इंतजार कर रही हैं और खुद को बच्चों के साथ व्यस्त रखती हैं। इधर, उनके पति संजय दत्त मुंबई के अपने घर पर वर्कआउट कर के समय गुजार रहे हैं।

फिल्म ‘कुछ-कुछ होता है’ में शाहरुख खान की बेटी बनी साना सईद एक इवेंट के सिलसिले में अमेरिका गई थीं और वहीं फंस गई। इस बीच, गत 22 मार्च को साना सईद के पिता अब्दुल अहद सईद ?का मुंबई में निधन हो गया लेकिन लॉकडाउन की वजह से आ न सकीं। साना करण जौहर की फिल्म ‘स्टूडेंट्स ऑफ द ईयर’, ‘झलक दिखला जा’ और ‘नच बलिए’ जैसे शो में भी काम कर चुकी हैं। लेकिन, अब साना की जिंदगी बेहद अकेलेपन में अमेरिका में कैद हैं।

दम लगाके हईशा, रेस और लुटेरा जैसी फिल्मों की गायिका मोनाली ठाकुर लॉकडाउन में स्विट्जरलैंड में फंसी हुई हैं। कोलकाता में पढ़ीं मोनाली ठाकुर का प्यार माइक रीचर एक अंग्रेज हैं और वह कारोबार के सिलसिले में स्विट्जरलैंड में रहता है। इस वजह से मोनाली के पैर छह माह स्विट्जरलैंड तो बाकी के दिन भारत में बीतते हैं। मोनाली माइक रीचर से वर्ष 2016 में मिली थीं। तबसे दोनों की दोस्ती है। शादी कब होगी, यह कोई नहीं जानता। तब तक मोनाली का यूरोप आना-जाना लगा रहेगा। स्विट्जरलैंड की एक आलीशान इमारत में अपने प्यार के साथ कैद मोनाली विमान सेवा शुरू होने का इंतजार कर रही हैं।

भारत में बांग्ला फिल्म ‘दहन’ के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त कर चुकी अभिनेत्री ऋतुपर्णा सेनगुप्ता लॉकडाउन के कारण सिंगापुर में फंसी हुई हैं। ऋतुपर्णा के पति संजय चक्रवर्ती सिंगापुर में ही रहते हैं। बेटा अंकन और बेटी रिशोना को लेकर ऋतुपर्णा पति से मिलने सिंगापुर गई थीं। इन दिनों उनका पूरा समय बच्चों को गृहकार्य कराने और नृत्य सिखाने में गुजर रहा है। ऋतुपर्णा को उम्मीद है कि जल्द ही कोरोना काल खत्म हो जाएगा और वह सकुशल अपने घर लौट पाएंगी।