दिल्ली की केजरीवाल सरकार के लाख दावों के बाद भी यमुना नदी में प्रदूषण कम नहीं हो रहा है। 2 जून को यमुना नदी में जहरीला झाग देखा गया। जिसके बाद मशहूर कवि और आम आदमी पार्टी का हिस्सा रहे कुमार विश्वास ने ट्विटर पर यमुना नदी का वीडियो शेयर करते हुए केजरीवाल सरकार पर तंज कसा है।
कुमार विश्वास ने ली चुटकी: कुमार ने एएनआई का वीडियो शेयर करते हुए लिखा,”ये झूठी बात है। हम कट्टर देशभक्त पार्टी हैं। मैंने खुद यमुना जी के कागज देखे हैं।” कुमार विश्वास के इस ट्वीट पर लोगों ने भी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी। भावेश कुमार पांडे ने लिखा,”कागज में तो सब ठीक है, केजरीवाल ने लेमिनेट करा के रखा है।” एक यूजर ने लिखा,”कविराज आज फॉर्म में हैं।” अन्य ने लिखा,”केजरी मफलर मास्टर झूठ फेकता है बस।”
कुमार मीणा ने लिखा,”सब के सब चोर हैं साहब, आप इस दलदल से निकल गए।” आशीष पाठक ने लिखा,”केजरीवाल कहेंगे, सब मोदी जी, अमित शाह जी की चाल है, नहीं तो यमुना एकदम साफ हो चुकी है।” केसी ने लिखा,”बादल आसमान से धरती पर तो ले आए ‘सड़जी’, अब और क्या चाहिए?”
कुमार विश्वास के अलावा भारतीय जनता पार्टी के चर्चित नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने भी केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने भी ट्विटर पर यमुना नदी का वीडियो शेयर करते हुए लिखा,”बधाई दिल्ली, दिल्ली में स्नोफॉल करवा दिया- केजरीवाल।”
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने 1 जून को बुराडी में स्थापित कोरोनेशन प्लांट का निरीक्षण किया था। जहां उन्होंने कहा था कि कोरोनेशन प्लांट से दिल्ली में पानी की मांग को पूरा किया जाएगा और यमुना का जल भी स्वच्छ होगा। लेकिन 2 जून को यमुना नदी में सफेद रंग का जहरीला झाग बहता देखा गया। यमुना नदी को लेकर फिर से राजनीति शुरू होती नजर आ रही है।
खालसा कॉलेज में हुई फायरिंग पर भी कसा तंज: उधर, पंजाब के अमृतसर में खालसा कॉलेज के बाहर 1 जून को दो गुटों में विवाद हो गया, फायरिंग भी हुई। जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। पंजाब पुलिस ने इस घटना को रूटीन क्राइम करार दिया। कुमार विश्वास ने ट्विटर पर इस खबर को शेयर करते हुए पंजाब सरकार पर तंज कसा है। कुमार ने लिखा है,”रूटीन क्राइम (नियमित अपराध)?”।