दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी ने शराब घोटाले में गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली शराब घोटाले में हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद ईडी ने सीए के खिलाफ ये एक्शन लिया है। आम आदमी पार्टी में इसे लेकर हाहाकार मच गया है। वहीं कई लोग ऐसे हैं, जो इससे खुश नजर आ रहे हैं। उनमें से एक अरविंद केजरीवाल के पुराने साथी कुमार विश्वास भी हैं।

जैसे ही केजरीवाल की गिरफ्तारी की खबर आई तभी कुमार विश्वास ने अपने X (पूर्व में ट्विटर) पर भगवान को माथा टेकते हुए एक तस्वीर शेयर की। जिसके साथ उन्होंने लिखा, “कर्म प्रधान विश्व रचि राखा। जो जस करहि सो तस फल चाखा।” इसका अर्थ है विश्व में कर्म सबसे ऊपर है। जो जैसा करता है उसे वैसा ही फल मिलता है।

कुमार विश्वास के इस पोस्ट पर तमाम लोगों ने प्रतिक्रिया दी है। संजीव ध्यानी ने कुमार को जवाब देते हुए लिखा, “आपके मौजूदा बॉस के भी दिन आएंगे। उसे भी फल चखना होगा।” डॉक्टर जंगो नाम के यूजर ने लिखा, “कुमार भैया, केजरीवाल जेल जरूर गए और बहार भी आ जायेंगे पर उन्होंने चाहे कितने भी पाप क्यों न किये हों पर कभी महिलाओं को खाली प्लाट बताने वाले किसी लफंगे के गले लिपट कर फोटो नहीं खिंचवाई।” ऋषि चौधरी नाम के यूजर ने लिखा, “बुरे दौर में शत्रु का भी बुरा नहीं सोचना चाहिए और तुम्हारे जैसे कथावाचक जो दिन रात भगवान और सद्गुण की बात करते हों। तुम्हारा यह ट्वीट पढ़कर लगता है कि तुम कथावाचक के वस्त्र धारण करके आज भी…”

मनोज तिवारी ने बताया धोखेबाज

कुमार विश्वास के अलावा भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने भी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बयान दिया है। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वह कह रहे हैं, “अरविंद केजरीवाल जी के मामले में आखिरकार वही हुआ जो अपराध और भ्रष्टाचार के मामले में होता है। भ्रष्टाचारी चाहे कितनी भी चालाकियां कर ले, वो कानून के शिकंजे में आता ही आता है। मैं समझता हूं कि अरविंद केजरीवाल जी की गिरफ्तारी के बाद ये बात दिल्ली की हर गली से निकल रही है कि दिल्ली के साथ जो धोखा किया अरविंद केजरीवाल ने, दिल्ली के साथ जो क्रूर मजाक किया, जो दिल्ली को लूटा अरविंद केजरीवाल ने। भ्रम का जाल फैलाकर सत्ता हथियाया और सत्ता हथियाकर दिल्ली को लूटा। उस अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के लोगों की हाय भी लगी है।”

मनोज तिवारी ने आगे कहा, “आज दिल्ली की हर गली में पटाखे फूट रहे हैं। मैं जहां बैठा था जब पता लगा लोगों को तो लोग तालियां बजाकर स्वागत कर रहे हैं। एक व्यक्ति जो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने आए थे आज भ्रष्टाचार और लूट में अपनी लाख कोशिशों के बावजूद…” मनोज तिवारी ने अपने वीडियो में केजरीवाल के खिलाफ जमकर जहर उगला है। साथ ही वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा है, “आखिरकार कानून ने दिल्ली के भ्रष्ट मुख्यमंत्री को पकड़ लिया।”