दिवंगत बलदेव राज चोपड़ा उर्फ बी.आर. चोपड़ा का सिनेमा पत्रकार से लेकर मशहूर निर्माता और निर्देशक बनने तक का सफर काफी दिलचस्प था। उन्हें उनकी फिल्म फिल्म नया दौर, कानून, वक्त, हमराज के साथ-साथ 80 के दशक में टीवी धारावाहिक महाभारत के लिए जाना जाता है। बी.आर.चोपड़ा साल 2008 में दुनिया को अलविदा कह गए थे, लेकिन आज भी लोग उनके काम को याद करते हैं।

80 के दशक में टीवी पर महाभारत को इतनी बखूबी दिखा पाना आसान नहीं था। लेकिन अपने कलाकारों और चित्रण के जरिए बी.आर.चोपड़ा ने ये कर दिखाया। उस वक्त वीएफएक्स इफेक्ट या ग्राफिक्स जैसी कोई टेक्नोलॉजी नहीं थी, फिर भी बीआर चोपड़ा और उनकी टीम ने महाभारत को बेहतरीन तरीके से प्रस्तुत किया।

9 करोड़ की लागत में बनी थी महाभारत: मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उस समय महाभारत को बनाने के लिए कुल 9 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। जिसमें रुपा गांगूली, नितीष भारद्वाज, मुकेश खन्ना, पुनीत इस्सर, पंकज धीर,गजेंद्र चौहान, गूफी पैंतल, सुमीत राघवन आदि ने बेहतर अभिनय किया था।

इन बॉलीवुड एक्टर को महाभारत का हिस्सा बनाना चाहते थे चोपड़ा: महाभारत में द्रोपदी के किरदार में रूपा गांगूली नजर आई थीं, लेकिन बताया जाता है कि बी.आर.चोपड़ा उनकी जगह जूही चावला को लेना चाहते थे। उन्होंने जूही को ये रोल ऑफर भी किया था। लेकिन फिल्म ‘कयामत से कयामत’ की शूटिंग में व्यस्त होने के कारण वो ये रोल नहीं कर पाईं। इतना ही नहीं चोपड़ा अर्जुन के रोल के लिए जैकी श्रॉफ को साइन करना चाहते थे।

आपको बता दें कि अपनी फिल्मों और महाभारत के लिए बी.आर.चोपड़ा को साल 1998 में दादा साहेब फालके अवॉर्ड दिया गया था। इसके बाद साल 2001 में उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। साल 2008, नवंबर 5 को बी.आर.चोपड़ा ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लेकिन वो अपने पीछे करोड़ों की संपत्ति छोड़ गए।

अपने मेहनत और बेहतरीन काम के दम पर चोपड़ा ने करोड़ों की संपत्ति जोड़ ली। वो अपने निधन के बाद परिवार के लिए करोड़ों की संपत्ति छोड़ गए, जिसे हाल ही में 183 करोड़ में बेचा गया है। बी.आर. चोपड़ा का मुंबई के जुहू स्थित एक आलीशान बंगला था, जिसे 183 करोड़ रुपये में बेचा गया है। ये बंगला पूरे 25,000 वर्ग फुट में फैला हुआ है, जिसे रहेजा कॉर्पोरेशन ने खरीदा है।